MP में कोरोना का प्रकोप जारी, 652 केस आये सामने, 50 लोगों की मौत

भोपाल. मध्य प्रदेश (MP) में कोरोना वायरस (Coronavirus) के संक्रमण का प्रकोप बढ़ता जा रहा है. प्रदेश में सोमवार तक इसके 652 केस सामने आ चुके हैं, जबकि यहां 50 लोगों की इस खतरनाक संक्रमण के कारण मौत हो चुकी है. मिनी मुंबई के तौर पर मशहूर इंदौर शहर में सबसे ज्यादा मामले सामने आये हैं. यहां 362 कोरोना संक्रमित मरीज मिले हैं. इनमें से 35 की मौत हो चुकी है, जबकि 39 मरीज़ पूरी तरह स्वस्थ होकर अपने घर वापस लौट चुके हैं. मुरैना जिले में 14 लोग इससे संक्रमित मिले हैं. उज्जैन (Ujjain) में अब तक 25 पॉजिटिव केस की जानकारी मिली है. उज्जैन में इस कारण 6 लोगों की मौत हो चुकी है. वहीं 3 मरीज पूरी तरह ठीक हुए हैं.

जबलपुर में 12 कोरोना पॉजिटिव मरीजों में से 6 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं. जबकि राजधानी भोपाल में 142 कोरोना पीड़ित मरीजों में से 4 की मौत हो चुकी है. इलाज के दौरान तीन मरीज ठीक हुए हैं. इन सबके बीच एक अच्छी खबर ग्वालियर से है. यहां 6 लोगों में से सभी को संक्रमण से मुक्‍त बताया जा रहा है, जबकि शिवपुरी जिले में भी मिले 2 मरीज इलाज के दौरान स्वस्थ हो चुके हैं.

जानिए अन्य जिलों का हाल
प्रदेश के खरगोन में 17 लोग Covid-19 से संक्रमित मिले. इनमें से तीन मरीज की मौत हो चुकी है. जबकि छिंदवाड़ा में 4 कोरोना पॉजिटिव मरीजों में से एक की मौत हुई. इसके अलावा बड़वानी में 14, विदिशा में 13, बैतूल में 1, होशंगाबाद में 15, श्योपुर में 3, रायसेन में 4, खंडवा में 5, धार में 2 केस सामने आ चुके हैं. वहीं देवास में मिले देवास में 3 कोरोना पॉजिटिव मरीजों में से 1 की मौत हो चुकी है. शाजापुर, सागर, रतलाम और उमरिया में एक-एक पॉजिटिव केस सामने आया. जबकि मंदसौर और सतना में इसके दो मामले सामने आय़े हैं.

एक दिन में 51 लोगों की हुई मौत
पूरे देश में कोरोना संक्रमण के कारण 51 लोगों की मौत हो गई. केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने इसकी जानकारी दी है. इसके साथ ही देश में इससे मरने वालों की संख्या बढ़कर 324 हो चुकी है. जबकि पूरे देश में इसके संक्रमण के मामले सोमवार को बढ़कर 9,352 हो गए हैं. मंत्रालय ने कहा कि रविवार शाम से संक्रमण के मामलों में 905 की वृद्धि हुई है. बता दें, कोरोना वायरस से 24 घंटे में पहली बार मौत के इतने सारे मामले सामले सामने आ रहे हैं. इसके अलावा स्वास्थ्य मंत्रालय ने जानकारी दी है कि अब तक करीब 980 लोग पूरी तरह से ठीक हो चुके हैं और उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है.

इन 25 जिलों में 14 दिन से कोई नया केस नहीं
वहीं देश में संक्रमण को रोकने के लिए लॉकडाउन (Lockdown) के दौरान जिला स्तर पर किये गये प्रयासों का परिणाम मिलना शुरू हो गया है. स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि इसी का नतीजा है कि संक्रमण से प्रभावित देश के 15 राज्यों के 25 जिलों में पिछले 14 दिनों में संक्रमण का कोई मामला सामने नहीं आया है. इन जिलों में महाराष्ट्र का गोंडिया, छत्तीसगढ़ के राजनंदगांव, दुर्ग और बिलासपुर, केरल में वायनाड और कोट्टयम, कर्नाटक के दवनगिरि, कोडगु, तुमकुर, उडुपी, गोवा का साउथ गोवा, मणिपुर में इंफाल पश्चिम, जम्मू-कश्मीर के राजौरी, मिजोरम के आईजोल पश्चिम, पुडुचेरी के माहे, पंजाब का एसबीएसनगर, राजस्थान का प्रतापगढ़, हरियाणा का पानीपत, रोहतक, सिरसा, उत्तराखंड का पौड़ी गढ़वाल, भंड्रादरी काठगोदाम और बिहार में पटना, नालंदा एवं मुंगेर जिले शामिल हैं.

Leave a Reply