MP में कड़ाके की ठंड, और गिर सकता है दिन-रात का पारा

मध्यप्रदेश में एक बार फिर ठंड ने जोर पकड़ लिया है। दिन और रात का तापमान सामान्य से नीचे आ गया है। ग्वालियर, उज्जैन, भोपाल, इंदौर, जबलपुर और होशंगाबाद संभागों में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। मौसम वैज्ञानिक वेद प्रकाश के अनुसार 4 दिन तक इसी तरह ठंड रहेगी। अधिकतम और न्यूनतम तापमान नीचे जा सकता है। बुंदेलखंड, महाकोशल और बघेलखंड में तापमान 3 से 5 डिग्री और पश्चिमी इलाके जैसे- भोपाल, इंदौर, उज्जैन और ग्वालियर चंबल में 2 से 4 डिग्री तक की गिरावट आ सकती है।
यहां 27 तक कोल्ड डे
उज्जैन, भोपाल, ग्वालियर, चंबल, छतरपुर, टीकमगढ़, निवाड़ी, सागर, दमोह, बैतूल, इंदौर, धार, खंडवा और खरगोन में कोल्ड डे रह सकता है। 26 और 27 जनवरी तक ऐसी ही स्थिति रहेगी। तेज हवाओं के कारण दिन में ज्यादा ठंड रहेगी।
राजधानी में रात ठंडी, पचमढ़ी सबसे ठंडा
राजधानी भोपाल, धार, रायसेन और रतलाम में कोल्ड वेव रही। भोपाल में रात का पारा 5.5 डिग्री सेल्सियस आ गया जबकि सबसे कम तापमान पचमढ़ी में 2.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
यहां रातें ज्यादा ठंडी
| शहर | तापमान (डिग्री सेल्सियस में) |
| पचमढ़ी | 2.6 |
| रायसेन | 4.2 |
| भोपाल | 5.5 |
| नौगांव | 5.5 |
यहां 10 से ऊपर रहा रात का पारा
| शहर | तापमान (डिग्री सेल्सियस में) |
| सीधी | 12.6 |
| नरसिंहपुर | 12.0 |
| सिवनी | 11.0 |
| सतना | 10.7 |
एमपी के चार प्रमुख शहरों की स्थिति
| शहर | तापमान (डिग्री सेल्सियस में) |
| ग्वालियर | 7.5 |
| इंदौर | 7.8 |
| भोपाल | 5.5 |
| जबलपुर | 9.6 |
