NCP को लगा तगड़ा झटका, अब महिला विंग अध्यक्ष ने पार्टी से दिया इस्तीफा

महाराष्ट्र से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) प्रमुख शरद पवार को बड़ा झटका लगा है. एनसीपी की प्रमुख नेता और पार्टी महिला विंग की अध्यक्ष चित्रा वाघ ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है. अब कहा जा रहा है कि वो जल्द ही भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) ज्वाइन कर सकती हैं.

इस्तीफा देने का कारण नहीं बताया

वहीं, चित्रा वाघ ने इस्तीफा देने के कारणों के बारे में कोई जानकारी नहीं दी है. उन्होंने अपने इस्तीफे में लिखा है कि मैं नेशनलिस्ट महिला कांग्रेस महाराष्ट्र प्रदेश और नेशनलिस्ट कांग्रेस पार्टी से इस्तीफा देती हूं. महाराष्ट्र में महिलाओं की आवाज बनने और सेवा का अवसर देने के लिए शुक्रिया.

 एनसीपी को झटके पर झटका

बताते दें कि एनसीपी को झटके पर झटका लग रहा है. इससे पहले गुरुवार को मुंबई एनसीपी के प्रमुख सचिन अहीर ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया था. बताया जा रहा है कि सचिन अहीर ने शिवसेना ज्वॉइन करने के मकसद से एनसीपी को अलविदा कहा है.

गौरतलब है कि कुछ समय विधानसभा में विपक्ष के नेता रहे राधाकृष्ण विखे पाटिल ने बीजेपी का दामन थामा लिया है. पाटिल कांग्रेस के कद्दावर नेता रहे हैं और माना जा रहा है कि उनके पार्टी छोड़ने का कांग्रेस पर बड़ा असर पड़ेगा. माना जा रहा है विधानसभा चुनावों से पहले कांग्रेस से बड़े नेता का बीजेपी की तरफ जाना असर डाल सकता है. अब दूसरे नेताओं के भी कांग्रेस-एनसीपी गठबंधन छोड़ने की खबर से राजनीतिक सरगर्मी बढ़ सकती है.
 

Leave a Reply