पंचायत सचिवालय के बरामदे में मिला युवक का खून से लथपथ शव, मचा हड़कंप

 शाहजहांपुर |यूपी के शाहजहांपुर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। जहां अल्हागंज थाना क्षेत्र के रावतपुर गांव में शनिवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब ग्राम पंचायत सचिवालय के बरामदे में एक युवक का खून से सना शव मिला। मृतक की पहचान रानपुर के रहने वाले 18 वर्षीय कमलेश के रूप में हुई है। युवक के चेहरे पर किसी भारी वस्तु से गंभीर प्रहार किए जाने के निशान मिले हैं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत होने की आशंका जताई जा रही है।सुबह करीब छह बजे कंडे पाथने के लिए पहुंचे ग्रामीणों ने सचिवालय के बरामदे में शव देखा। इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची। कुछ ही देर में फॉरेंसिक टीम और सीओ जलालाबाद अजय राय भी घटनास्थल पर पहुंचे और साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई शुरू की।परिजनों के अनुसार कमलेश के पिता राजमिस्त्री का काम करते हैं, जबकि कमलेश खुद भट्टे पर मजदूरी करता था। शुक्रवार रात वह काम से लौटकर घर आया, भोजन किया और घर के बाहर आग तापता रहा। इसके बाद रात करीब नौ बजे वह सोने चला गया। परिजनों का कहना है कि रात में वह कब और किन परिस्थितियों में घर से निकला, इसकी किसी को जानकारी नहीं है।

गोरखपुर में बदमाशों ने रील क्रिएटर की बेरहमी से की पिटाई, अगवा कर गाड़ी से फेंका

ग्राम पंचायत सचिवालय युवक के घर से मात्र करीब 200 मीटर की दूरी पर स्थित है। सचिवालय की कोई बाउंड्री नहीं है, लोग वहां कंडे पाथते रहते हैं। यहां न तो सीसीटीवी कैमरे लगे हैं और न ही कोई सुरक्षा व्यवस्था है। सचिवालय भी कभी-कभार ही खुलता है। आशंका जताई जा रही है कि इन्हीं कारणों से बदमाशों ने हत्या के लिए इस स्थान का चयन किया। पुलिस ने युवक का मोबाइल फोन कब्जे में लेकर कॉल डिटेल खंगालनी शुरू कर दी है, हालांकि अभी किसी भी तरह की जानकारी देने से इनकार किया जा रहा है। पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई चल रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply