Rapidx ट्रेन में तीन से चार रुपये प्रति KM हो सकता है किराया….

दिल्ली-मेरठ रूट के एक भाग में संचालन की तैयारी के बीच रैपिडएक्स के किराये के प्रस्ताव पर जल्द मुहर लग जाने के आसार हैं। नेशनल कैपिटल रीजन ट्रांसपोर्ट कारपोरेशन दिल्ली (आनंद विहार)-मेरठ रूट के लिए किराये के चार्ट पर फिर से काम कर रहा है।

निगम ने प्रस्ताव आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय को सौंपा है। माना जा रहा है कि इस रूट पर किराया तीन से चार रुपये प्रति किलोमीटर हो सकता है।

सूत्रों के अनुसार दिल्ली-मेरठ के बीच किराया 200 रुपये के आसपास हो सकता है। नई दिल्ली-देहरादून वंदे भारत ट्रेन का एक स्टापेज मेरठ भी है। इसमें दिल्ली से मेरठ के बीच चेयरकार का किराया 485 रुपये है।

दिल्ली-मेरठ रैपिड ट्रेन शहरी परिवहन को सुगम, सटीक और भरोसेमंद बनाने की परियोजना है। इस समय दिल्ली से मेरठ के लिए कई विकल्प मौजूद हैं, जिनमें रेलवे के साथ निजी वाहन से और सार्वजनिक बस सेवा भी शामिल है। आरआरटीएस को मेट्रो की तरह सुविधाओं के साथ किफायती बनाए रखने की कोशिश की जा रही है।

साहिबाबाद से दुहाई तक 17 किलोमीटर के पहले चरण के लिए रैपिडएक्स का जब उद्घाटन होगा तो इस दूरी के लिए किराया 50 रुपये तक किराया हो सकता है।

2009 में जब आरआरटीएस की परिकल्पना की गई थी तो इसकी डीपीआर में किराया दो रुपये प्रति किलोमीटर रखने की बात थी, लेकिन समय बीतने के साथ लागत बढ़ने के कारण इस पर फिर से काम किया जा रहा है।

नोएडा सेक्टर-62 से रैपिडएक्स के साहिबाबाद स्टेशन तक मेट्रो चलेगी। जीडीए ने संशोधित डीपीआर तैयार कराने के लिए कवायद शुरू कर दी है। मेट्रो संचालन के लिए डीएमआरसी व जीडीए अधिकारियों की बृहस्पतिवार को वर्चुअल बैठक हो चुकी है।

संशोधित डीपीआर कैसे तैयार करनी है, इसकी विस्तार से जानकारी डीएमआरसी के अधिकारियों को दी जाएगी। मुख्य अभियंता ने बताया कि नोएडा सेक्टर-62 से रैपिडएक्स के साहिबाबाद स्टेशन तक मेट्रो संचालन से कनेक्टिविटी काफी बेहतर हो जाएगी।

दिल्ली-मेरठ से रैपिडएक्स में सवार होकर आ रहे लोग मेट्रो पकड़कर नोएडा व अन्य स्थानों पर आसानी से आ-जा सकेंगे। लोगों की सहूलियत के लिए निर्णय लिया गया है।

Leave a Reply