झगड़े का बदला लेने के लिए युवक की चाकू से गोदकर हत्या….

जहांगीरपुरी में शनिवार देर रात झगड़ा का बदला लेने के लिए एक युवक की चाकू गोदकर हत्या कर दी गई। मृतक देर रात आजादपुर मंडी से घर लौट रहा था। आईटीआई जहांगीरपुरी के पास खून से लथपथ हालत में मिलने के बाद पुलिस उसे अस्पताल लेकर गई, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। छानबीन के बाद पुलिस ने वारदात में शामिल तीन नाबालिगों को पकड़ा है। आरोपियों ने खुलासा किया कि उनकी दो तीन दिन पहले मृतक के दोस्त से मारपीट हुई थी। इसमें मृतक भी शामिल था। पुलिस फरार दो आरोपियों की तलाश कर रही है। मृतक की शिनाख्त रवि (25) के रूप में हुई है। वह मुकुंदपुर इलाके में रहता था। परिवार में पिता विजय, मां शांति, पत्नी सोनिया, डेढ़ साल का बेटा और एक बेटी के अलावा भाई नीरज और बहन है। वह आजादपुर में बेलदारी का काम करता था। पुलिस अधिकारी ने बताया कि देर रात तीन बजे पुलिस को जहांगीरपुरी आईटीआई के पास एक युवक के जख्मी हालत में पड़े होने की जानकारी मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा कि युवक के शरीर पर चाकू के निशान हैं, साथ ही सिर को पत्थर से कुचला गया है। पुलिस युवक को बाबू जगजीवन राम अस्पताल लेकर गई जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मृतक की शिनाख्त करने के बाद उसके परिवार वालों को घटना की जानकारी दी। छानबीन के दौरान पुलिस को पता चला कि दो तीन दिन पहले रवि और उसके दोस्तों का कुछ लड़कों से झगड़ा हुआ था। पुलिस ने घटनास्थल के पास लगे कैमरे को खंगाला। साथ ही तकनीकी जांच करते हुए आरोपियों की पहचान कर ली।
