पहाड़ों पर बर्फबारी तो दिल्ली में झमाझम बारिश, तापमान ने लगाया गोता

नई दिल्ली/शिमला
उत्तर भारत में ठंड ने फिर यू-टर्न लिया है। दिल्ली-एनसीआर में जहां शनिवार तड़के बारिश ने लोगों को जनवरी वाली ठंड का अहसास करा दिया। वहीं हिमाचल प्रदेश के शिमला और दूसरे पहाड़ी राज्यों में जमकर बर्फवारी हो रही है। कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों के पिछले कुछ दिनों से बर्फवारी का यह सिलसिला जारी है।

दिल्ली और एनसीआर में शनिवार तड़के से रिमझिम बारिश शुरू हो गई थी। मौसम की इस करवट से सुबह अंधेरा छाया रहा। इस बारिश से जनवरी के मौसम की गायब ठंड भी अचानक लौट आई है।

 

वहीं दूसरी तरफ जम्मू और कश्मीर, हिमाचल प्रदेश में भारी हिमपात की खबरें हैं। बर्फवारी से हिमाचल में शिमला, कुफरी, नरकंडा और मसोहोबरा को जाने वाले सभी रास्ते बंद हो गए हैं। इसी तरह बर्फबारी के कारण जम्मू से कश्मीर का भी संपर्क टूट गया है। बर्फबारी के कारण पहाड़ी इलाकों में बिजली की सेवा भी बाधित हो रही है।

मौसम विभाग ने जम्मू कश्मीर और इसके पड़ोसी हिमाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में हिमस्खलन होने की आशंका के साथ एक ‘मध्यम खतरे’ की चेतावनी जारी की गई है। कश्मीर घाटी में इस सीजन की सबसे भारी बर्फबारी होने से जम्मू कश्मीर में आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ।

Leave a Reply