नासा के स्पेसक्राफ्ट ने तोड़ा सूर्य के करीब पहुंचने का रिकॉर्ड

वॉशिंगटन। अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा के पार्कर सोलर प्रोब ने नया रिकॉर्ड कायम किया है। सूर्य की सतह के सबसे करीब पहुंचने वाला इस मानव निर्मित ऑब्जेक्ट को इस साल अगस्त में लॉन्च किया गया था।

नासा ने बताया कि 29 अक्टूबर को करीब 1.04 बजे दोपहर में यह 4.27 करोड़ किमी की दूरी के रिकॉर्ड को पास कर चुका था। इससे पहले जर्मन-अमेरिकन हेलियस2 स्पेसक्राफ्ट ने 1976 में सूर्य के सबसे करीब पहुंचने का रिकॉर्ड बनाया था।

बताते चलें कि अगस्त में 1.5 अरब डॉलर की लागत से इस अनमैन्ड स्पेसक्राफ्ट को लॉन्च किया गया था। इस मिशन का लक्ष्य खतरनाक सौर तूफान के रहस्यों का खुलासा कर धरती की रक्षा करना है। स्पेस एजेंसी ने कहा कि 29 अक्टूबर को करीब 10.54 बजे रात में यह सूर्य की ओर सबसे तेज चलने वाले स्पेसक्राफ्ट के रिकॉर्ड को तोड़ सकता है।इससे पहले अप्रैल 1976 में हेलियस2 ने दो लाख 46 हजार 960 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलकर सबसे तेज स्पेसक्राफ्ट होने का कीर्तिमान बनाया था। पार्कर का सूर्य से सबसे करीबी एन्काउंटर 31 अक्टूबर को हो सकता है। माना जा रहा है कि साल 2024 में यह सूर्य के सबसे करीब होगा, जो सूर्य की सतह से 30 लाख 83 हजार किमी की दूरी होगा।
 

Leave a Reply