गुजरात में भीषण गर्मी, अहमदाबाद में 114 लोग बेहोश होकर गिर पड़े
गुजरात में गर्मी चरम पर है। अहमदाबाद सहित राज्य के 10 शहरों में पारा 44 के पार हो गया है। प्रशासन ने कई शहरों में यलो अलर्ट घोषित किया है। उधर, मौसम विभाग ने संभावना जताई है कि राज्य में अगले चार दिनों में तापमान 45 डिग्री तक जा सकता है।
उत्तरीय अरब सागर में हाईप्रेशर के कारण तापमान में अचानक वृद्धि हुई है। गर्मी के कारण अहमदाबाद शहर में करीब 114 लोग बेहोश होकर गिर पड़े। वहीं, गत तीन दिनों में 500 से भी अधिक लोगों की तबियत खराब होने से अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा है। ये सभी लोग लू के शिकार हुए थे। अहमदाबाद शहर में गुरुवार को सीजन का सर्वाधिक तापमान 44.3 रहा, वहीं राजधानी गांधीनगर में 44.4 तापमान दर्ज किया गया। राज्य में 44.7 डिग्री तापमान के साथ कंडला एयरपोर्ट सर्वाधिक गर्म रहा।
इस बीच. आइएमडी गुजरात के निदेशक जयंत सरकार ने बताया कि अगले पांच दिनों के दौरान मौसम शुष्क रहेगा, गुजरात में गर्मी की कोई चेतावनी नहीं है। हम उम्मीद करते हैं कि राज्य में दो दिनों के बाद तापमान में कमी आने की संभावना है। मॉनसून छह जून तक केरल पहुंच जाएगा और फिर धीरे-धीरे, यह उत्तर की ओर बढ़ेगा।
गुजरात में मई के आखिरी दिनों में तापमान में अचानक वृद्धि होने के कारण सौराष्ट्र में अमरेली, सुरेंद्रनगर और कच्छ में तापमान 44 डिग्री के पार हो गया। अगले तीन-चार दिन तक यही हालत रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, अहमदाबाद शहर का अधिकतम तापमान 2.6 डिग्री बढ़कर 44.3 डिग्री तक पहुंच गया। इससे लोग दोपहर को घर के बाहर नहीं निकले। रास्ते सुनसान पड़े थे। अगले चार दिनों तक अहमदाबाद का तापमान 44 से 45 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है।