गौहत्या की शिकायत करने वाली महिला पर भीड़ का हमला, पत्थरबाजी

बंगलूरू में एक बार फिर भीड़ का खौफनाक चेहरा सामने आया है, जिसने एक महिला को अपना शिकार बनाया। पीड़िता का कहना है कि उनका गुनाह महज इतना था कि उसने पुलिस से इलाके में चल रही गौहत्या और अवैध बूचड़खानों की शिकायत की थी। महिला की शिकायत के बाद उस पर लगभग 100 से ज्यादा लोगों ने हमला कर दिया। नंदिनी, शहर के जेपी नगर इलाके में अपने दो दोस्तों के साथ ड्राइविंग कर रही थी। इसी बीच उन्होंने कुछ संदिग्ध हरकत देखी। नंदिनी ने बताया कि उनकी दोस्त ने देखा कि कुछ लोग एक गाय को पास के मैदान में ले गए और उसका कत्ल कर दिया।

उन्होंने बताया कि इस एरिया में बीफ की कई गैरकानूनी दुकानें चलती है। इससे पहले 14 अन्य गायों की हत्या के बारे में भी पता चला था। संदिग्ध स्थिति को देखते हुए नंदिनी अपने दोस्तों के साथ शाम 6:30 बजे थलागट्टापुरा पुलिस स्टेशन पहुंची और मामले की शिकायत दर्ज कराई।


पीड़िता नंदिनी ने बताया कि पुलिस ने उन्हें सांत्वना दी कि वह कड़ा कदम उठाएंगे। हम वहां बैठे रहे और देखा कि वहां पर 15-20 पुलिसकर्मी मौजूद थे। उन्होंने बताया कि जब पुलिसकर्मी घटना स्थल पर जाने लगें तो हमने उनसे कहा कि हमें भी अपने साथ ले चले, जिससे हम उन्हें सही जगह पर ले जाए सकें।

जिसके बाद नंदिनी की कार में दो पुलिसवाले बैठ गए। जब वे घटना स्थल पर पहुंचे तो वहां 100 से ज्यादा लोग मौजूद थे, पहले तो उन्हें लगा कि वह लोग पुलिस की गाड़ी को देखकर वहां इकट्ठा हुए हैं। नंदिनी के बताया कि जब हम अंदर पहुंचे तो वहां एक भी पुलिस वाला नहीं था। भीड़ पागलों की तरह उनपर टूट पड़ी, लोग उनकी कार पर पत्थर मारने लगे।

पीड़िता के साथ जो दो पुलिसकर्मी गए तो उन्होंने कुछ भी नहीं किया। वहां मौजूद लोग पाकिस्तानी नारे लगा रहे थे। नंदिनी किसी तरह वहां से बच निकली। यह सारी घटना रात 8:30 बजे के करीब की है। इस हमले में नंदिनी का दायां हाथ बूरी तरह से जख्मी हो गया।

पुलिस ने मदद करने से किया इनकार
नंदिनी के मुताबिक जब वह मदद की गुहार लेकर पुलिस स्टेशन वापस पहुंची तो सब इंस्पेक्टर उनपर ही भड़क गया। उसने हमले के सबूत के तौर पर उनकी तस्वीर लेने से इनकार कर दिया और किसी ने भी स्टेशन में उनकी मदद नहीं की।
 
कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा ने इस हमले की कड़ी निंदा की है। उन्होंने ट्विटर पर लिखा कि मैं इस हमले की निंदा करता हूं। बंगलूरू में हुआ यह हमला बताता है कि शहर में किस तरह से लॉ एंड ऑर्डर तोड़े जा रहे हैं।

Leave a Reply