दिल्ली-एनसीआर में भारी बारिश, घाटी में हिमस्खलन से अब तक 10 जवानों की मौत

नई दिल्ली : दिल्ली में गणतंत्र दिवस समारोह के अवसर पर कई इलाकों में आज भारी बारिश से अधिकतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस तक आ गया, जो मौसम के औसत से चार डिग्री कम है। वहीं, शहर के कई इलाकों में जल जमाव से वाहनों की आवाजाही धीमी हो गई। खराब मौसम की वजह से उत्तर की ओर आने वाली 25 ट्रेनें देरी से चल रही थीं वहीं 10 रेलगाड़ियों का समय बदला गया। तीन ट्रेनों को रद्द भी करना पड़ा।

 

उधर, कश्मीर घाटी हिमपात की वजह से बाकी देश से कटी रही। गुरेज सेक्टर में हिमस्खलन की दो घटनाओं में 10 जवान मारे गये और चार लापता हैं, वहीं हिमाचल प्रदेश में भी जमकर बर्फ गिरने से सामान्य जनजीवन पर असर पड़ा। मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि सफदरजंग वेधशाला में सुबह साढ़े आठ बजे से शाम पांच बजे तक 23.7 मिमी बारिश दर्ज की गई। पालम, लोधी रोड, रिज और आयानगर में क्रमश: 13.1 मिमी, 8. 6 मिमी, 10.7 और 8.8 मिमी बारिश दर्ज की गई।

मौसम विभाग के एडिशनल डीजी सर्विसेज डॉ एम महापात्रा ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के चलते बारिश हुई और बारिश पूरी रात जारी रहेगी। एक वरिष्ठ रेल अधिकारी के मुताबिक उत्तर भारत आने वाली 25 ट्रेनें से विलंब चल रही हैं जबकि खराब मौसम के चलते 10 ट्रेनों के यात्रा कार्यक्रम में बदलाव किया गया है और तीन ट्रेनें रद्द की गई हैं।

मौसम अधिकारियों के मुताबिक न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस पर बना रहा जो मौसम के सामान्य स्तर से चार डिग्री कम है। आर्द्रता 100 और 72 फीसदी के बीच रही। मौसम विभाग ने कल आंशिक रूप से बादल छाये रहने का पूर्वानुमान लगाया है।

मौसम विभाग अधिकारियों ने बताया कि अधिकतम तापमान 17 डिग्री और न्यूनतम तापमान 14 डिग्री रहने की संभावना है। मौसम अधिकारियों ने बताया कि अधिकतम तापमान 18 डिग्री रहने की संभावना है। गौरतलब है कि कल अधिकतम तापमान 25. 1 और न्यूनतम तापमरान 12. 5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

जम्मू कश्मीर और हिमाचल प्रदेश के कुछ हिमस्खलन संभावित क्षेत्रों के लिए आज एक बार फिर अति खतरनाक हिमस्खलन की चेतावनी जारी की गयी। उधर, उत्तर भारत के कुछ मैदानी इलाकों में बारिश से ट्रेन और विमान सेवाएं प्रभावित रहीं।

दिल्ली विमानपत्तन की वेबसाइट के मुताबिक खराब मौसम की वजह से विमान परिचालन पर बुरा असर पड़ा है और ज्यादातर उड़ानें समय से संचालित नहीं हो सकीं। दिल्ली में आज अधिकतम तापमान गिरकर 18 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया जो मौसम के औसत तापमान से चार डिग्री सेल्सियस कम है। सुबह से सूरज नहीं निकलने और बादल घिरे रहने से दोपहर के बाद शहर में अंधेरा जैसा छाया रहा।

सेना के एक अधिकारी के मुताबिक कल शाम नियंत्रण रेखा के पास बांदीपुरा जिले के गुरेज सेक्टर में हिमस्खलन की घटना में एक सैन्य शिविर भी प्रभावित हुआ और कई जवान इसमें फंस गये। बचाव अभियान शुरू किया गया और एक जूनियर कमीशंड अधिकारी समेत सात जवानों को बचाया गया। उन्होंने कहा, ‘आज सुबह तीन जवानों के शव निकाले गये।’ 

अधिकारी ने बताया कि बर्फ की चट्टान सरकने की एक और घटना में एक गश्ती दल फंस गया जो कल शाम गुरेज सेक्टर की एक चौकी की ओर जा रहा था। उन्होंने कहा, ‘बचाव दलों ने अब तक घटनास्थल से सात शवों को निकाल लिया है।’ इस तरह की घटनाओं के बीच श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात बंद कर दिया गया और श्रीनगर हवाई अड्डे आने वाली सभी उड़ानों को बर्फबारी के चलते रद्द कर दिया गया।

आज भी खराब मौसम की वजह से राजमार्ग खुलने के आसार नहीं नजर आये। रास्ते में कुछ जगहों पर हिमपात की खबरें हैं। इस बीच लद्दाख समेत कश्मीर के अधिकतर हिस्सों में तापमान शून्य से नीचे है और लेह सबसे ठंडा स्थान रहा। लेह में न्यूनतम तापमान शून्य से 3.6 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।

हिमाचल प्रदेश में कई जगहों पर सामान्य जनजीवन पर मौसम का असर बना रहा। प्रदेश के उंचे इलाकों में भारी हिमपात हुआ, वहीं मध्यम और निचली पहाड़ियों पर भारी बारिश हुई। किन्नौर, लाहौल-स्पीति, पांगी, रोहतांग, कुंजम और अन्य ऊंचे पर्वतीय दर्रों पर बर्फ की 60 से 90 सेंटीमीटर तक मोटी परत देखी गयी। बारिश की वजह से धरती के खिसकने, पेड़ों के गिरने और वाहनों की आवाजाही प्रभावित होने की घटनाएं भी सामने आईं। भारी बर्फबारी से मनाली-कुल्लू राजमार्ग पर भी यातायात बाधित रहा।

पंजाब, हरियाणा और केंद्रशासित प्रदेश चंडीगढ़ में भी भारी बारिश दर्ज की गयी लेकिन दोनों राज्यों के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान में सामान्य स्तर से कई डिग्री सेल्यिसय की बढ़ोतरी दर्ज की गयी है। पंजाब में मोहाली, रोपड़, नवांशहर, जालंधर, लुधियाना और अमृतसर भी बारिश में भीगते रहे। हरियाणा के पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरक्षेत्र, करनाल, पानीपत, रोहतक और जींद में भी वर्षा होती रही।

बिहार में दिन का तापमान मामूली बढ़ोतरी के साथ मौसम खिला रहा। पूर्णिया सबसे गर्म रहा, जहां तापमान 30.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया वहीं गया का तापमान सबसे कम रहा और 9.6 डिग्री सेल्सियस के स्तर पर बना रहा।

Leave a Reply