दिल्ली के मॉडल की सड़क हादसे में मौत, सिग्नल पर तेज रफ्तार कार ने मारी टक्कर
नई दिल्ली.मॉडल अभिषेक नरूला (26) की दिल्ली में सड़क हादसे में मौत हो गई। वह दोस्तों के साथ रविवार रात कार से घूमने निकले थे। उनकी कार नॉर्थ-वेस्ट दिल्ली के भारत नगर इलाके के एक ट्रैफिक सिग्नल पर खड़ी थी, इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आई होंडा सिटी ने मॉडल की कार में टक्कर मार दी। अभिषेक कार का शीशा तोड़कर बाहर जा गिरे, उनके दो दोस्त हादसे में जख्मी हुए हैं। 3 साल तक मुंबई में स्ट्रगल किया…
– पुलिस के मुताबिक, अभिषेक नरूला की फैमिली न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी में रहती है। मॉडलिंग के सिलसिले में वह करीब 3 साल से मुंबई में रह रहे थे, कुछ दिन पहले दिवाली मनाने के लिए घर आए थे। शनिवार रात को अभिषेक भारत नगर में रहने वाले दोस्त रणदीप से मिलने गए। इस दौरान उनका दोस्त योगेश भी अपनी कार लेकर आ गया।
– तीनों रात 2 बजे योगेश की होंडा अमेज कार से अशोक विहार स्थित एटीएम से पैसे निकालने गए। लौटते हुए वे एक लाल बत्ती पर खड़े थे, तभी पीछे से होंडा सिटी ने टक्कर मारी। टक्कर इतनी तेज थी कि कार में आगे बैठा अभिषेक शीशा तोड़कर सामने जा गिरा।
– टक्कर की आवाज सुनकर कुछ लोग जमा हो गए। पुलिस तीनों को हॉस्पिटल ले गई, लेकिन तब तक अभिषेक की मौत हो चुकी थी। जांच में पता चला है कि हादसे के बाद फरार हुए आरोपी ड्राइवर ने कार किराए पर ले रखी थी। वह इसे टैक्सी के तौर पर चलाता है।
फिल्म इंडस्ट्री में काम मिलने से काफी खुश था अभिषेक
– दोस्तों ने बताया कि अभिषेक को एक्टिंग का शौक था। इसके लिए 3-4 साल से मुंबई में स्ट्रगल कर रहा था। धीरे-धीरे उसकी मेहनत रंग ला रही थी। मॉडलिंग के बाद पिछले दिनों उसे कुछ टीवी सीरियल्स और एड फिल्मों में काम मिला। वह काफी खुश था। हालांकि, जब शुरुआत दौर में बड़ा ब्रेक नहीं मिला तब भी वह बिल्कुल हताश नहीं था।
– अभिषेक ने एक बार एमटीवी के रियलिटी शो रोडीज के लिए भी ऑडिशन दिया था। यहां सिलेक्शन के बाद उसे कुछ ब्रॉन्ड्स के लिए मॉडलिंग का मौका मिल गया। वह अपनी सेहत का काफी ख्याल रखता था और कुछ दिनों से जिम ट्रेनर का कोर्स कर रहा था।