पत्नी ने लगाया पति पर ड्रग्स देकर बेटी से दुष्कर्म का आरोप
मेरठ । उत्तर प्रदेश के मेरठ से रिश्ते को तार-तार करता एक और मामला सामने आया है। यहां एक सौतेले पिता पर अपनी बेटी के साथ दुष्कर्म करने का गंभीर आरोप लगा है। शुक्रवार को पीड़ित बेटी की मां ने पुलिस में शिकायत करते हुए पति पर आरोप लगाया कि वह सौतेली बेटी से उसका पति 3 साल से ड्रग्स देकर दुष्कर्म कर रहा है। इसके अलावा उसका दूसरी महिला से भी अवैध संबंध है और वह पहले भी कई मामलों में जेल जा चुका है।
बताया जा रहा है शुक्रवार को एसएसपी कार्यालय में एक महिला पहुंची और एसपी क्राइम बीपी अशोक को बताया कि उसका पहले पति से तलाक हो गया है। पहले पति से उसकी एक बेटी है, जो उसी के साथ रह रही है। साल 2002 में उसने बागपत के रहने वाले एक युवक से शादी कर ली और अब वह मेरठ में रहती है। आरोप लगाते हुए महिला ने कहा कि उसका पति सौतेली बेटी को नशे की गोलियां देकर जबरन दुष्कर्म करता है। इतना ही नहीं वह नशीले पदार्थ की सप्लाई को लेकर जेल भी जा चुका है। इसके अलावा उसका दूसरी महिला से भी अवैध संबंध है। महिला ने यह भी बताया कि उसके पति ने पुलिस में शिकायत को लेकर कई बार बेटी और उसे जान से मारने की धमकी भी दी है। पुलिस का कहना है कि पीड़ित लड़की का मेडिकल कराया जाएगा और रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई होगी।