पहले दिखता है सांप और फिर आता है चक्कर उसके बाद होता है भयानक काम
दहशत: हरियाणा में कट गईं 17 चोटियां
गुड़गांव . गुड़गांव और आसपास के गांवों में महिलाओं की चोटी काटने का सिलसिला जारी है। इन इलाकों में 7 और महिलाओं की चोटी काटने की घटनाएं सामने आई हैं। फरीदाबाद और हथीन में भी चोटी काटे जाने के 10 मामले सामने आए हैं। इस बीच लगातार फैलती अफवाहों को देखते हुए पुलिस ने दहशत का माहौल नहीं बनाने की अपील की है। पुलिस प्रवक्ता एएसआई रविंद्र कुमार ने बताया कि दोनों मामलों की रिपोर्ट लिख ली गई है।
पुलिस के मुताबिक, गुड़गांव के राजेंद्रा पार्क और देवीलाल नगर में रविवार रात दो महिलाओं की चोटियां काट दी गईं। तावड़ू में भी 2 महिलाओं की चोटी काटने से गांवों में दहशत का माहौल है। इसके अलावा रेवाड़ी में एक स्टूडेंट समेत 4 की चोटी काट दी गई। फरीदाबाद के सीकरी गांव में रविवार रात एक महिला की चोटी कट गई। हथीन के गांवों से भी महिलाओं और किशोरियों की चोटी काटे जाने के 9 मामले सामने आए हैं।
गुड़गांव के भीमगढ़ खेड़ी में चोटी काटे जाने के मामले की जांच पूरी भी नहीं हो सकी थी कि सुबह 9 बजे देवीलाल नगर में 20 साल की सपना की चोटी काटने की सूचना मिली। घटना रविवार रात 9 बजे की है। लड़की घर में सो रही थी, तभी चोटी कट गई। राजेंद्रा पार्क में रविवार रात एक महिला की चोटी कटने की बात सामने आई। महिला ने कुछ भी बताने से इनकार कर दिया। पड़ोसियों के अनुसार रात करीब 10 बजे उनके पड़ोस में रहने वाली 35 वर्षीय महिला अपने कमरे में लेटी हुई थी। इसी दौरान उसकी चोटी कट गई। इससे पहले भीमगढ़ खेड़ी में शुक्रवार रात 50 साल की वर्षीय महिला की चोटी काट दी गई थी। इस दौरान वह किचन में काम कर रही थी। इन घटनाओं से तरह-तरह की अफवाहों का दौर जारी है। तीनों पीड़ितों की ओर से पुलिस को शिकायत दी जा चुकी है।
दहशत मध्यप्रदेश के श्योपुर और मुरैना में भी
श्योपुर। राजस्थान और हरियाणा में अदृश्य शक्ति द्वारा महिलाओं की चोटी काटने की घटनाओं ने पूरे देश को हिलाकर रख दिया है। अब ये दहशत मध्यप्रदेश के श्योपुर और मुरैना में भी दस्तक दे चुकी है। यहां कई महिलाओं की चोटी कटने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। ये दोनो जिले राजस्थान की सीमा पर हैं।
श्योपुर जिले के वीरपुर तहसील के ग्राम लीलदा की एक महिला ने रविवार सुबह दावा किया कि उसकी चोटी किसी अदृश्य शक्ति ने काट दी। घटना के बाद परिजनों व गांव में लोग डरे हुए हैं,वहीं दूसरी और मौके पर पहुंची पुलिस का कहना है कि महिला की चोटी तो उसी की है, लेकिन आज की कटी हुई नहीं लग रही, जिससे मामला संदिग्ध है।
पहले दिखता है सांप और फिर आता है चक्कर उसके बाद होता है भयानक काम
लोगों का कहना है कि चोटी कटने से पहले महिला को सबसे पहले सांप दिखता है। उसके बाद महिलाओंं को चक्कर आते हैं। चक्कर के बाद जब होश आता है तो सिर में काफी दर्द होता है और जब नजर पड़ती है बालों पर तो उनकी चोटी कट चुकी होती है।