भारी बारिश में राहत की सांस, पटरी पर लौटी मुंबई की ‘लाइफलाइन’

मुंबई।मुंबई में मूसलाधार बारिश के कारण मुम्बई पानी-पानी हो गई है और जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। कई इलाकों में भारी जल भराव के कारण सड़क यातायात, रेल और विमान सेवाएं बाधित हुई हैं। भारी बारिश से बाढ़ जैसे हालात हो गए हैं। मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडऩवीस ने लोगों से घरों से बाहर नहीं निकलने की अपील की है। 

सीएसएमटी-कल्याण प्रखंड पर उपनगरीय रेल सेवाएं बहाल
भारी बारिश के चलते बीते लगभग 20 घंटों से ठप्प रही सेंट्रल रेलवे (सीआर या मध्य रेलवे) की मुख्य लाइन की उपनगरीय रेल सेवाएं आज बहाल हो गईं। मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सुनील उदासी ने बताया, "कल्याण के लिए पहली विशेष ट्रेन सीएसएमटी से सुबह 7 बजकर 26 मिनट पर रवाना हुई और दूसरी ट्रेन सुबह 7 बजकर 44 मिनट पर निकली।’’

-कल्याण से करजात, कल्याण से टिटवाला और ठाणे से कल्याण जैसे दूसरे मार्गों पर भी संचालन शुरू हो गया।

-कुर्ला में अभी भी जल-भराव की स्थिति है, इसलिए हार्बर लाइन की ट्रेनों का संचालन बहाल होने में कुछ और वक्त लग सकता है।

-पश्चिमी रेलवे (डब्ल्यूआर) के उपनगरीय गलियारे पर भी सेवाएं शुरू कर दी गई हैं।

इस मार्ग पर कल आधी रात को ट्रेनों का संचालन शुरू किया गया था और कुछ अन्य ट्रेनें सुबह सात बजे से चलाई गईं।  पश्चिमी रेलवे की ओर से ट्वीट किया गया, "पश्चिम रेलवे के सभी उपनगरीय मार्गों पर रेल संचालन सामान्य हो गया है। इस उपनगरीय रेल नेटवर्क के जरिए 65 लाख यात्री रोजाना सफर करते हैं। यह वित्तीय राजधानी मुंबई की लाइफलाइन है।

3 लोगों की मौत
अब तक 3 लोगों की मौत हो चुकी है। तीन मौतें विक्रोली में दो इमारतों के ढहने से हुई हैं। पिछले 12 सालों में बारिश की वजह से सबसे ज़्यादा भयावह हालात हैं। मंगलवार को सामान्य से 29 गुना ज्यादा बारिश हुई है। 1997 के बाद अगस्त में एक दिन की ये सबसे ज्यादा बारिश है। बुधवार और गुरुवार को भी भारी बारिश का अलर्ट है। बिगड़ते हालात को देखते हुए रेड अलर्ट जारी कर दिया गया है।

शहर में अलर्ट
बारिश से जूझ रहे मुंबई के लोगों को प्रशासन की ओर से तमाम हिदायतें दी गई हैं। आने वाले 24 घंटों में हालात और बिगड़ने की संभावना जताई गई है। आपदा प्रबंधन और बृहद मुंबई म्यूनिसिपल कॉरपोरेशन (बीएमसी) ने शहर में अलर्ट जारी कर दिया है। कई जगहों पर जल भराव के चलते लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। मुंबई के असल हालात कैसे हैं, ये जानने के लिए यहां देखिए वो वीडियोज जो डूबती मुंबई और मायानगरी के लोगों की परेशानियां बयां कर रहे हैं।

ऑफिस में रुके रहे लोग
भारतीय नौसेना ने CST स्टेशन पर फंसे लोगों के लिए सुबह ब्रेकफास्ट का इंतजाम किया गया था। बारिश के कारण बहुत से लोग रात को ऑफिस में ही रुक गए थे। वे सुबह घर जाने के लिए निकले, लेकिन स्थिति अभी भी खराब है।

पीएम ने दिया मदद का भरोसा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडऩवीस से बारिश के कारण उत्पन्न स्थिति के बारे में बात की तथा केंद्र की ओर से हर संभव मदद का वायदा किया। प्रधानमंत्री ने ट्वीट कर लोगों से सुरक्षित रहने और जरूरी एहतियात बरतने की अपील की।

Leave a Reply