राम रहीम मामला: हरियाणा में हुई हिंसा से नाराज PM मोदी!
नई दिल्ली। हरियाणा में डेरा सच्चा सौदा के प्रमुख गुरमीत राम रहीम के समर्थकों के पंजाब और हरियाणा सहित कई स्थानों पर हिंसक आंदोलन से उपजी स्थिति पर पीएम नरेंद्र मोदी नाराज बताए जा रहे हैं। इसी सिलसिले में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष अमित शाह ने पार्टी के महासचिव अनिल जैन और कैलाश विजयवर्गीय से आज पार्टी मुख्यालय पर विचार विमर्श किया।
सूत्रों के अनुसार पार्टी एवं केन्द्र सरकार का नेतृत्व स्थिति संभालने में हरियाणा सरकार की विफलता को लेकर क्षुब्ध है। बताया गया है कि शाह ने हरियाणा की स्थिति को लेकर कल रात प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की थी। मोदी हरियाणा की स्थिति को लेकर नाराज हैं। दरअसल हरियाणा सरकार के ढुलमुल रवैये के कारण राज्य की स्थिति को लेकर केंद्र की भी फजीहत हो रही है।
चंडीगढ़ में पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय ने हरियाणा सरकार को कड़ी फटकार लगाते हुए कहा है कि उसने राजनीतिक लाभ के लिए पंचकुला को जलने के लिये छोड़ दिया। उच्च न्यायालय के निर्देशों का पालन नहीं करने पर भी राज्य सरकार अदालत के निशाने पर है। पार्टी महसूस करती है कि जाट आंदोलन और अब गुरमीत राम रहीम मामले को संभालने में राज्य सरकार की विफलता का खामियाजा उसे भुगतना पड़ सकता है।
नवंबर में होने वाले गुजरात, हिमाचल प्रदेश में विधानसभा चुनावों में भी इस घटना का असर पडऩे की संभावना के मद्देनजर भाजपा कोई जोखिम नहीं लेना चाहेगी। सूत्रों के अनुसार हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर को पार्टी आलाकमान ने तलब किया है और ऐसी संभावना है कि इस मामले में चूक के लिए उनकी जवाबदेही तय की जा सकती है।