सरकार को झकझोरने निकलेंगे लाखों मराठा, आज थमेगी मुंबई

मुंबई . मराठा समाज सरकारी नौकरियों और शिक्षा में 16 प्रतिशत आरक्षण को लेकर सरकार को झकझोरने के लिए बुधवार को मुंबई में अति विशाल मोर्चा निकालने जा रहा है। यह मोर्चा मूक मोर्चा होगा, इसलिए इसमें कोई नारेबाजी और भाषणबाजी नहीं होगी। ना ही इस मोर्चे में किसी राजनीतिक दल का बैनर होगा। मोर्चा विशुद्ध रूप से सामाजिक होगा और समाज की वर्षों से प्रलंबित मांगों को इसके जरिए उठाया जाएगा। मोर्चे को सभी राजनीतिक दलों ने अपना समर्थन दिया है। इस रैली के चलते आज सुबह से ही भागती-दौड़ती मुंबई की रफ्तार थम-सी जाएगी।

सुबह से मुंबई होगी जाम

मराठा मोर्चा में शामिल होने के लिए मंगलवार से ही राज्य भर से लोग मुंबई पहुंचने शुरू हो गए हैं। महाराष्ट्र के हर हिस्से से लोग मुंबई आ रहे हैं। मुंबई की तरफ आने वाले रास्तों पर बड़ी संख्या में भगवा झंडे लगाए हुए वाहन आते दिखाई दिए। मुंबई-पुणे और मुंबई-नाशिक दोनों हाइवे पर मुंबई की ओर आने वाले यातायात में मंगलवार सुबह से ही रोज की अपेक्षा ज्यादा गाड़ियां दिखाई दीं। इसके अलावा मुंबई आने वाली बसों और ट्रेनों से भी लोग बड़ी संख्या में मुंबई पहुंच रहे हैं। खबर है कि मध्यप्रदेश, गुजरात, राजस्थान और अन्य प्रदेशों में बसे मराठा समाज के लोग भी मोर्चे में शामिल होने के लिए मुंबई पहुंच रहे हैं।

Leave a Reply