अखिलेश सरकार के इस बड़े फैसले को पलट सकती है योगी कैबिनेट

लखनऊ. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (CM Yogi Adityanath) की अध्यक्षता में आज यानी शुक्रवार को कैबिनेट की महत्वपूर्ण बैठक (Cabinet Meeting) होनी है. इस बैठक में कई जरूरी प्रस्तावों को मंजूरी मिलने की संभावना है. माना जा रहा है कि इसमें पूर्व की समाजवादी पार्टी सरकार (SP Government) के एक बड़े फैसले को योगी कैबिनेट पलट सकती है. दरअसल वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव से पहले तत्कालीन अखिलेश सरकार द्वारा बनाए गए 30 में से 28 नए विकास खंडों के सृजन के प्रस्ताव को योगी सरकार रद्द कर सकती है.

दरअसल अखिलेश सरकार द्वारा एक ही दिन में 30 नए विकास खंड बनाए गए थे. इससे प्रदेश में विकास खंड 821 से बढ़कर 851 हो गए थे. माना जा रहा है कि योगी सरकार 30 में से 28 के सृजन प्रस्ताव को निरस्त (रद्द) कर सकती है.

आउटसोर्सिंग नीति के प्रस्ताव पर लग सकती है मुहर

इसके अलावा बैठक में योगी कैबिनेट आउटसोर्सिंग से होने वाली नियुक्तियों में धांधली पर अंकुश के लिए आउटसोर्सिंग नीति सहित कई अन्य प्रस्तावों पर मुहर लग सकती है. वहीं बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे और गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे निर्माण के लिए विकासकर्ता चयन संबंधी प्रस्ताव को भी कैबिनेट में मंजूरी मिल सकती है.

वाराणसी में बनेंगे दो नए थाने!

इसी क्रम में वाराणसी में दो नए थाने बनाने का प्रस्ताव भी पास हो सकता है. इसके अलावा राज्य में 500 मेगावाट क्षमता के सौर ऊर्जा प्लांट की स्थापना के लिए विकासकर्ता चयन करने का प्रस्ताव भी पास हो सकता है.

Leave a Reply