अगले साल होने वाले पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव में विजयी बनकर उभरेगी भाजपा : पांडा

नई दिल्ली । भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बैजयंत जय पांडा ने कहा कि पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव के लिहाज से पूरी तरह तैयार है। उन्होंने कहा कि अगले साल की शुरुआत में होने वाले सभी पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव में भाजपा विजयी बनकर उभरेगी। पांडा ने सोमवार को पार्टी मुख्यालय में भाजपा के राष्ट्रीय पदाधिकारियों की बैठक के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए यह दावा किया।
बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को टीकाकरण अभियान और गरीबों के कल्याण के लिए कई अन्य योजनाओं के लिए धन्यवाद दिया गया। बैठक के बाद पांडा ने कहा कि भाजपा चुनाव का इंतजार नहीं करती। भाजपा हर हफ्ते, हर महीने अलग-अलग अभियानों के जरिए जनता से जुड़ती रहती है। उन्होंने कहा कि भारत 100 करोड़ टीकाकरण के लक्ष्य को हासिल करने जा रहा है। पांडा ने कहा कि आईएमएफ ने भी कोरोना पर भारत सरकार के काम की तारीफ की है। भारत का निर्यात तेजी से बढ़ रहा है, यह विकास का प्रतीक है और आज दुनिया भारतीय अर्थव्यवस्था के विकास की गति की तारीफ कर रही है।
उल्लेखनीय है कि पार्टी मुख्यालय में भाजपा के राष्ट्रीय पदाधिकारियों की बैठक पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा की अध्यक्षता में पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव के मद्देनजर बुलाई गई थी। बैठक के दौरान राष्ट्रीय पदाधिकारियों ने पार्टी की तैयारियों, उसकी उपलब्धियों और संगठन के कामकाज पर चर्चा की। बैठक के दौरान सरकार की उपलब्धियों को उजागर करने की रणनीति भी तैयार की गई। नड्डा ने इस अवसर पर गरीबों के कल्याण के लिए चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं के लिए प्रधानमंत्री का धन्यवाद किया और विपक्षी दलों के रवैये पर भी सवाल उठाए। बैठक के बाद नड्डा ने पार्टी के महासचिवों के साथ अलग से भी बैठक की।

Leave a Reply