अज्ञात अपरा‎धियों ने साईं मंदिर जा रहे आढ़ती की गोली मारकर की हत्या

रोहतक । रोहतक के खरावड़ गांव स्थित साईं बाबा के मंदिर में दर्शन करने जा रहे एक आढ़ती की गोली मारकर हत्या करने का मामला सामने आया है। घटना की सूचना पर आईएमटी थाना पुलिस और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल की। फिलहाल मृतक का शव रोहतक पीजीआई भेज दिया गया है। हत्यारों का कुछ पता नहीं चल पाया है। मृतक के परिजनों ने किसी से कोई दुश्मनी होने से इनकार किया है। ‎फिलहाल पुलिस मामले की जांच करने में जुटी हुई है। जानकारी के मुता‎बिक, जींद जिले के जुलाना गांव का रहने वाला अजय जुलाना की अनाज मंडी में आढ़ती का काम करते थे। फिलहाल बच्चों की पढ़ाई के चलते रोहतक शहर की संत नगर कॉलोनी में किराए के मकान पर रह रहे थे। बताया जा रहा है ‎कि अजय हर गुरुवार को रोहतक से खरावड़ साईं बाबा के मंदिर में दर्शन करने के लिए जाते थे। बीते गुरुवार भी वह लगभग 9 बजे साईं बाबा मंदिर के लिए जा रहे थे, तभी खेड़ी साध बाईपास पर अज्ञात हमलावरों ने उन्‍हें गोली मार दी। इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने उन्‍हें तुरंत पीजीआई भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने अजय को मृत घोषित कर दिया। मृतक अजय के भाई विजय ने कहा ‎कि उनकी किसी के साथ कोई भी रंजिश नहीं है। एएसपी नरेंद्र कादियान ने कहा ‎कि उन्हें यह सूचना मिली थी कि खेड़ी साध बाईपास पर कोई एक्सीडेंट हो गया है, यहां आकर देखा तो अजय नामक शख्स को गोली मारी गई थी। आनन-फानन में अजय को पीसीआर में रोहतक पीजीआई पहुंचाया गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।  फिलहाल हम मामले की जांच करने में जुटे हुए हैं।

Leave a Reply