अतिवृष्टि से त्रस्त गुजरात के मुख्यमंत्री रूस में घूम रहे हैं : शक्तिसिंह गोहिल

अहमदाबाद | गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपाणी को लेकर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शक्तिसिंह गोहिल ने सरकार को आडे हाथ लिया है| उन्होंने कहा कि गुजरात के लोग भारी बारिश और बाढ़ से जूझ रहे हैं और राज्य के मुख्यमंत्री उनके साथ खड़े रहने के बजाय रूस घूम रहे हैं| गुजरात में अतिवृष्टि से लोगों का बुरा हाल है| ऐसे में मुख्यमंत्री को रूस जाने के बजाए लोगों के साथ होना चाहिए| बारिश और बाढ़ से मौत टालने के लिए सरकार के पास कोई आयोजन नहीं है| तटीय इलाकों में कई मछुआरों की मौत हुई है| मछुआरों को समुद्र में जाने से रोकने की जिम्मेदारी प्रशासन की है| गोहिल ने कहा कि ये मौतें रोकी जा सकती थीं| लेकिन प्रशासन की घोर लापरवाही के कारण जानहानि टाली नहीं जा सकी| सौराष्ट्र, मध्य गुजरात और दक्षिण गुजरात के किसानों की हालत खराब है| जहां जमीनें धुल गई हैं, वहां के किसानों को सहायता की जरूरत है| वावडी में 7 लोगों के शव मिले हैं, जिसमें भ्रष्टाचार की बू आ रही है| ऐसे में मुख्यमंत्री को गुजरात में रहकर जहां नुकसान हुआ है, वहां के लोगों तत्काल पर्याप्त सहायता का इंतजाम करना चाहिए| वह चाहते तो अपनी जगह किसी मंत्री को भी भेज सकते थे| लेकिन ऐसा नहीं किया गया| बचाव कार्य में बरती गई लापरवाही के लिए आपराधिक मामला दर्ज किया जाना चाहिए| अहमदाबाद के बोपल में पानी की टंकी ढहने की घटना को लेकर सरकार को आडे हाथ लेते हुए कांग्रेस नेता ने कहा कि स्थानीय भाजपा के लोगों ने स्वीकार किया कि इस बारे में प्रशासन से शिकायत की गई थी| इसके बावजूद प्रशासन ने पानी की टंकी हटाने की दिशा में कोई कार्यवाही नहीं की| नतीजतन निर्दोष लोगों को अपनी जान से हाथ धोना पड़ा| कांग्रेस की मांग है कि बोपल घटना में आपराधिक मामला दर्ज किया जाए और जिन्होंने जान गंवाई है, उनके परिजनों को तत्काल सहायता राशि दी जाए|

Leave a Reply