अब खिलखिलाकर मुस्कुरा सकेगा ये मासूम, डॉक्टरों ने जोड़ दिए कटे होठ
इंदौर। कटे होंठ, तालू व पलकों की विकृति दूर करने के लिए दशहरा मैदान के सामने लगाए गए शिविर के तहत 112 मरीजों के ऑपरेशन निजी अस्पताल में किए गए। इनमें अधिकांश बच्चे और कुछ वयस्क शामिल हैं, अब ये बच्चे खिलकर मुस्कुरा सकेंगे। इनमें से अधिकतर मरीजों की छुट्टी रविवार और सोमवार को कर दी जाएगी। अमेरिका से आई डॉक्टरों की टीम ने ये ऑपरेशन निशुल्क किए। भारतीय जैन संगठन द्वारा लगाए गए शिविर में 250 बच्चे पहुंचे थे। इनमें से 125 बच्चों को ऑपरेशन के लिए चुना गया था। ऑपरेशन करने वाले डॉक्टरों की टीम में सुप्रिया दीक्षित, मैथ्यू जॉनसन, गॉयन विक्टस, अलाइना व डॉ. फरीदा शामिल थे।
डॉ. दीक्षित ने बताया कि नेपाल, बांग्लादेश व अमेरिका में भी कैंप लगाए जा रहे हैं। पूरे भारत में इस तरह के 28 कैंप लगाए जाएंगे। महाराष्ट्र के ग्रामीण इलाकों में ऐसे बच्चों की संख्या अधिक मिली है। ऑपरेशन के बाद टांके अपने आप गल जाते हैं। इनकी सफाई रखना सबसे जरूरी होता है। दो सप्ताह तक खानपान का ध्यान रखने की सलाह दी जाती है। संगठन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष वीरेंद्र कुमार जैन ने बताया कि जो बच्चे कैंप के बाद पहुंचे या ऑपरेशन से छूट जाएंगे, उनका बाद में भी संगठन की ओर से इलाज कराया जाएगा।
15 फरवरी से रॉबर्ट्स नर्सिंग होम में लगेगा शिविर
सहायता संस्था द्वारा 15 से 17 फरवरी तक रॉबर्ट्स नर्सिंग होम में निशुल्क प्लास्टिक सर्जरी कैंप लगाया जाएगा। शिविर में कटे-फटे होंठ व जलने के बाद विकृति का उपचार किया जाएगा। 15 फरवरी को सुबह 8 से 9.30 बजे तक मरीजों का पंजीयन व चयन किया जाएगा। डॉ. प्रकाश छजलानी व उनकी टीम ऑपरेशन करेगी।
