अब गांवों में चलेगा नशा मुक्ति अभियान

 

यमुनानगर । पुलिस की ओर से नशे की लत के आदी युवाओं को सही राह पर लेकर आने के प्रयास किए जा रहे हैं। इसके तहत ही नशा मुक्ति मुहिम चल रही है। शहर के बाद अब पुलिस इस मुहिम को गांवों में लेकर जाएगी। इसके तहत प्रतापनगर छछरौली से शुरूआत की जाएगी। शहरी क्षेत्र में भी सर्वे चलता रहेगा। अभी तक इस मुहिम के तहत 216 रोगियों का पुलिस की ओर से इलाज कराया जा रहा है। वहीं पुलिस नशा तस्करी करने वालों पर भी सख्ती बरत रही है। इस वर्ष में 104 केस दर्ज कर 144 आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है। दो किलो 284 ग्राम अफीम, 720 ग्राम स्मैक, 27 किलो गांजा, 43 ग्राम हेरोइन, 9894 कैप्सूल, 38174 गोलियां 3910 इंजेक्शन पुलिस पकड़ चुकी है।

जिले में युवा स्मैक की लत के शिकार हो रहे हैं। इसका अंदाजा इससे ही लगाया जा सकता है कि पुलिस की ओर से शुरू की गई डि ड्रग एडिक्शन हेल्पलाइन पर अभी तक 314 काल चुकी है। 216 नशा रोगियों को पुलिस ने चिहिंत कर इलाज शुरू करा दिया है। नशा मुक्ति मुहिम के तहत शुरू किए गए सही राह अभियान के तहत सप्ताह में दो दिन रिव्यू बैठक होती है। हर बैठक में पांच से दस नशा रोगी आते हैं। जिनका पुलिस की ओर से इलाज शुरू कराया जाता है।

लगाए जा रहे आवासीय कैंप

पुलिस की ओर से पुलिस लाइन में आवासीय कैंप भी लगाया जा रहा है। जिसमें नशे की लत के आदी युवाओं को सही राह पर लाने के लिए रखा जाता है। अब तक तीन कैंप लग चुके हैं। 15 दिन के इस कैंप में युवाओं को खेल कूद, व्यायाम भक्ति से जोड़ा जाता है। उनका दवाईयों खाने का खर्च भी पुलिस की ओर से ही उठाया जा रहा है। अभी तक इन कैंपों से 30 युवा बिल्कुल ठीक होकर निकल चुके हैं।

शहर के बाद अब ग्रामीण क्षेत्रों का सर्वे

शहर ही नहीं, गांव में भी स्मैक तस्करों ने जाल फैला रखा है। इसे देखते हुए पुलिस ने समाजसेवी संगठनों के साथ मिलकर पहले शहरी क्षेत्र में सर्वे कराया। जिन क्षेत्रों में स्मैक की गिरफ्त में अधिक युवा हैं। वहां पर समाजसेवी संगठनों के पदाधिकारी हर घर तक पहुंचे। पुराना हमीदा में 150 ऐसे युवाओं की पहचान सर्वे के दौरान की गई है। हालांकि अभी सर्वे चल रहा है। नशा बेचने वालों पर भी सख्ती की जा रही है। समाज के लोग भी उनके पास जाकर समझा रहे हैं। अब पुलिस का अगला कदम ग्रामीण क्षेत्र की ओर है। इसमें छछरौली प्रतापनगर क्षेत्र से सर्वे शुरू करने की तैयारी है। इसमें भी क्षेत्र के लोगों समाजसेवी संगठनों को साथ लेकर सर्वे किया जाएगा।

Leave a Reply