अब बिहार में निर्भया कांड, गैंगरेप के बाद छात्रा की बर्बरता से हत्या

छपराः बिहार के छपरा के बनियापुर थाना इलाके में निर्भया जैसा कांड दोहराया गया। बदमाशों ने एक छात्रा को अगवा कर उससे गैंगरेप के बाद चाकू से गोद-गोद कर हत्या कर दी। हत्या के बाद छात्रा के शव को मक्के के खेत में फेंक दिया गया। यह घटना शनिवार सुबह की है। जानकारी के अनुसार, बनियापुर थाना इलाके के एक गांव में रहने वाली 17 साल की लड़की ने अभी हाल में मैट्रिक की परीक्षा पास की थी। वह शनिवार सुबह करीब तीन बजे घर से शौच करने के लिए खेत में गई थी। करीब एक घंटे बीत जाने के बाद भी जब वह घर नहीं लौटी तो परिजन उसे खोजने गए। काफी खोजने के बाद भी वह नहीं मिली।

करीब तीन घंटे बाद गांव के किसी आदमी ने मक्के के खेत में युवती का शव देखा और परिजनों को इसकी जानकारी दी। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वही परिजनों ने इस मामले में चौंकाने वाला खुलासा किया है कि लड़की सलवार-सूट पहनी हुई थी जबकि उसका शव साड़ी में लिपटा हुआ मिला है। पुलिस लड़की के साथ गैंगरेप के बाद हत्या की आशंका जता रही है। लड़की की बड़ी बर्बरता के साथ हत्या की गई है। उसके गर्दन और स्तन पर आठ जगहों पर चाकू के साथ जख्म किए गए हैं। लड़की की हत्या पर पूरे इलाके में लोग डरे हुए हैं।

Leave a Reply