अब शबाना ने दिया ट्रोलर्स को करारा जवाब

अपने जमाने की मशहूर अदाकारा और फिल्म गीतकार जावेद अख्तर की पत्नी शबाना आजमी पिछले दिनों अपने 'एंटी नेशनल' बयान के कारण सोशल मीडिया पर काफी ट्रोल हुईं। ऐसे तमाम ट्रोलर्स को करारा जवाब देते हुए शबाना ने ट्विटर पर लिखा है कि 'मेरी एक टिप्पणी और इतना ज्यादा हंगामा? मुझे नहीं मालूम था कि मैं दक्षिणपंथियों की नजरों में इस कदर महत्व रखती हूं।' यहां आपको बतला दें कि मध्य प्रदेश के इंदौर शहर में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान शबाना आजमी ने कहा था कि 'यदि कोई सरकार की आलोचना करता है तो उसे राष्ट्रविरोधी करार दिया जाता है।' इस बयान के बाद से उन्हें ट्रोल किया जा रहा था। इसलिए एक बार फिर शबाना आजमी को सोशल मीडिया पर मुखर होना पड़ा और उन्होंने वो तमाम उदाहरण पेश किए जिनसे उनके ऊपर लग रहे आरोपों को खारिज किया जा सके। इसके लिए शबाना बतलाती हैं कि दीपा मेहता की फिल्म 'वॉटर' के लिए उन्होंने जब सिर मुंडवाने का काम किया था तो मुस्लिम चरमपंथियों ने उनके खिलाफ फतवा जारी कर दिया था। इस पर उनके पति जावेद अख्तर ने खामोश रहने की सलाह दी थी। यहां उन्होंने अपने पिता कैफी आजमी का भी जिक्र किया जिन्होंने केंद्र में कांग्रेस सरकार रहते हुए एक घटना के विरोध में पद्मश्री सम्मान लौटाने का काम किया था। सबसे बड़ी बात यही है कि जब शबाना लोगों से कह रहीं थीं कि लोगों को देशहित में अपने मन की बात बिना डरे कहना चाहिए तो उन्होंने इस दौरान किसी राजनीतिक पार्टी या संगठन का नाम नहीं लिया था, लेकिन लोगों ने उसे सीधे भाजपा और केंद्र से जोड़कर देखा और उन्हें ट्रोल करना शुरु कर दिया।
