अब शिवराज को कहना होगा मेरी साढ़े आठ करोड़ जनता

भोपाल।प्रदेश की प्रोजेक्टेड जनसंख्या बढ़ गई है। अब मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को अपने भाषणों के दौरान मेरी साढ़े सात करोड़ जनता के स्थान पर साढ़े आठ करोड़ जनता कहना होगा। प्रदेश में लोकसभा, राज्यसभा एवं विधानसभा चुनाव कराने वाली भारत चुनाव आयोग की एजेन्सी मप्र के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने उक्त नई जनसंख्या के बारे में राजनैतिक दलों को जानकारी दी है। इसमें बताया गया कि वर्ष 2011 की जनगणना में प्रदेश की जनसंख्या 7 करोड़ 26 लाख थी तथा वर्ष 2021 में प्रोजेक्टेड जनगणना 8 करोड़ 39 लाख है। चूंकि कोरोना संक्रमण के कारण इस साल भारत सरकार दशाब्दी वाली जनगणना नहीं करा पाई है इसलिये उक्त प्रोजेक्टेड जनसंख्या का सहारा लिया गया है। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने मनदाता सूची के पुनरीक्षण का कार्यक्रम जारी कर दिया है तथा सभी राजनैतिक दलों से कहा है कि वे समस्त मतदान केंद्रों हेतु बूथ लेवल एजेण्ट नियुक्त करें एवं इनकी जानकारी संबंधित जिलों में उपलब्ध करायें। साथ ही यह भी राजनैतिक दलों से यह भी अपेक्षा की है कि मतदाता सूची के प्रारुप प्रकाशन के उपरान्त उन्हें प्रदाय की जा रही मतदाता सूची में यदि कोई संशोधन की आवश्यक्ता हो, तो संबंधित जिला निर्वाचन अधिकारी/निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के ध्यान में लाया जाये। मतदाता सूची के प्रारुप का प्रकाशन कर दिया गया है।
 

Leave a Reply