अब समग्र आईडी के लिए नहीं जाना पड़ेगा मुख्यालय 

भोपाल। निगम आयुक्त के.वी.एस.चौधरी ने निगम के करों के भुगतान में नागरिकों को अपने घर के समीप ही अदायगी करने की सुविधा देने व अधिक से अधिक राजस्व वसूली करने के दृष्टिगत निगम द्वारा आयोजित राजस्व मेगा वसूली शिविरों का औचक निरीक्षण किया और राजस्व की अधिक से अधिक वसूली सुनिश्चित करने के लिए घर-घर जाकर बकायादारों से राशि जमा कराने के निर्देश दिए। वार्ड कार्यालयों के निरीक्षण के दौरान सम्पत्तिकर नामांतरण के प्रकरणों में अनावश्यक विलंब किए जाने और लंबित रखने तथा उससे होने वाली राजस्व हानि और नागरिकों के कार्य में अनावश्यक विलंब पर सख्त नाराजगी व्यक्त करते हुए निगम आयुक्त श्री चौधरी ने सम्पत्तिकर नामांतरण के प्रकरणों को ऑन लाईन प्रकाशित करने और वार्ड कार्यालय में सूचना चस्पा करने तथा नियत अवधि के बाद नामांतरण प्रक्रिया सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए। श्री चौधरी ने करदाताओं को नोडयूज प्रमाण पत्र ऑन लाईन जारी करने तथा चेक जमा करने पर करदाता को चेक जमा होने की पावती उपलब्ध कराई जायेगी और चेक क्लीयरेंस होने पर कर की राशि की रसीद करदाता को प्रदाय करने के निर्देश दिए। निगम आयुक्त ने नामांतरण प्रकाशन, नोडयूज प्रमाण पत्र और चेक की पावती संबंधी कार्यवाही करने के निर्देश दिए। वार्ड कार्यालयों के निरीक्षण के दौरान समग्र आईडी में पता बदलवाने और अन्य संशोधन के लिए मुख्यालय स्तर पर जाने की प्रक्रिया पर अप्रसन्नता व्यक्त करते हुए निगम आयुक्त श्री चौधरी ने समग्र आईडी में पता बदलवाने, नाम सही करवाने, नाम जुड़वाने आदि सभी प्रक्रियाएं वार्ड स्तर पर कर सभी दस्तावेज ऑन लाईन भेज कर नागरिकों को वार्ड स्तर से ही निराकृत करने के सख्त निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान अपर आयुक्त पवन सिंह एवं उपायुक्त देवेन्द्र सिंह व अन्य अधिकारी मौजूद थे।

Leave a Reply