अमरिंदर ने किया साफ, करतारपुर के श्रद्धालुओं से फीस वसूलने का सवाल ही नहीं

सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह ने स्पष्ट किया है कि सेवा केंद्रों द्वारा करतारपुर साहिब जाने वाले श्रद्धालुओं से कोई पैसा नहीं वसूला जा रहा है। अगर कोई फीस देने को कहता है तो उसकी शिकायत सीधे उनके दफ्तर को की जाए।
सीएम सेवा केंद्रों में ऑनलाइन पोर्टल के जरिये अप्लाई करने वाले श्रद्धालुओं से फीस वसूलने की रिपोर्ट्स पर प्रतिक्रिया दे रहे थे। उन्होंने कहा कि अप्लाई करने की प्रक्रिया पूरी तरह मुफ्त है।

उन्होंने तो करतारपुर साहिब जाने वाले श्रद्धालुओं से पाकिस्तान सरकार द्वारा बीस डॉलर की फीस वसूलने का विरोध किया है। भारत किसी भी धार्मिक स्थान के दर्शन के लिए पाक समेत किसी भी देश से आने वाले श्रद्धालुओं से कोई फीस नहीं लेता।

सेवा केंद्रों को दर्शन करने के इच्छुक लोगों की सहूलियत और ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया के संबंध में दिशा निर्देश जारी कर दिए गए हैं। इनमें कोई भी फीस शामिल नहीं थी। इनका उल्लंघन करने वालों का वह गंभीरता से नोटिस लेंगे।

पंजाब सरकार सभी श्रद्धालुओं की निर्विघ्न व मुश्किल रहित यात्रा यकीनी बनाने को वचनबद्ध है। करतारपुर साहिब, जहां श्री गुरु नानक देव जी ने जीवन का अंतिम समय बिताया था, का हर सिख के जीवन में विशेष स्थान और महत्व है।

अपने दादा और पिता की तरह वह भी सिखों के इस धार्मिक स्थल को सदियों तक सुरक्षित रखने को हरसंभव यत्न करेंगे। निजी तौर पर गुरुद्वारा साहिब के दर्शन कर वह सौभाग्य महसूस करते हैं। साथ ही यह सुनिश्चित करेंगे कि सिख धर्म के प्रथम गुरु साहिब जी के और बहुत सारे पैरोकार इस पावन स्थान के दर्शन करने की अपनी इच्छा पूरी करें।

 

Leave a Reply