अमेठी में प्रियंका बोलीं- मोदी की किसान सम्मान योजना दरअसल किसान अपमान योजना है

चुनाव प्रचार के आखिरी दिन शनिवार को कांग्रेस राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी केंद्रीय मंत्री और बीजेपी प्रत्याशी स्मृति इरानी पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने कहा कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी ने देश के किसानों को गुमराह किया. उन्होंने कहा कि पीएम ने सिर्फ लोगों को धोखा दिया है.

चुनाव प्रचार के आखिरी दिन अमेठी में प्रियंका ने कई नुक्कड़ सभाओं और जनसंपर्क अभियान में शामिल हुईं. इस दौरान उन्होंने स्मृति ईरानी और पीएम नरेन्द्र मोदी पर जमकर हमला बोला. आज प्रियंका काफी आक्रामक दिखीं. साथ ही वे अमेठी के लोगों से भावनात्मक अपील भी करती दिखीं.

उन्होंने कहा, "पीएम मोदी की किसान सम्मान योजना दरअसल किसान अपमान योजना है. ये लोग अमेठी की जनका का अपमान कर रहे हैं. स्मृति ने अमेठी में जूते बंटवाये. मैने प्रधानों को घोषणा पत्र भेजा तो बीजेपी लिफाफे में 20 हजार रुपए भिजवा रही है. अमेठी की जनता स्वाभिमानी जनता है. इन लोगों ने कभी अमेठी की जनता की डांट नहीं खाई. हमने खाई है. जब प्यार होता है तो डांट खायी जाती है."

स्मृति इरानी पर खुलकर हमला करते हुए प्रियंका ने कहा कि स्मृति इरानी नाटक कर रही हैं. वे अमेठी सिर्फ 16 बार आई हैं. जबकि राहुल गांधी उनसे दोगुनी बार आये हैं और आपसे मिले हैं. ये बातें आप जानते हैं. नाराजगी को भांपते हुए प्रियंका ने इमोशनल कार्ड भी चले. उन्होंने कहा कि मेरे परिवार का एव्क भी सदस्य ऐसा नहीं है जो यहां आया और आप से डांट नहीं खाई. चाहे वो प्रधानमंत्री हों या कुछ भी हों. हमारे परिवार के सदस्य आपके बीच आएं हैं और डांट भी खाई है. आपकी शिकायत भी सुनी है और आपकी जो समस्याएं हैं उसे आपने जोर-जोर से बोला भी है. आप अपना अधिकार मांगते हैं. आप अपना हक़ मांगते हैं.

बता दें ये बातें प्रियंका गांधी ने शाहगढ़ ब्लॉक के हरदोईया गांव में कही. इस जनसभा में उन्होंने राहुल गांधी के समर्थन में वोट करने की अपील भी की.
 

Leave a Reply