अमेरिका के डेविड जूलियस और एर्डम पेटापोशियन को मेडिसिन का नोबेल पुरस्कार

मेडिसिन के नोबेल पुरस्कार का ऐलान कर दिया गया है। अमेरिका के डेविड जूलियस और एर्डम पेटापोशियन को वर्ष 2021 के मेडिसिन नोबेल पुरस्कार का साझा विजेता घोषित किया गया है। इन्हें यह प्रतिष्ठित पुरस्कार शरीर में तापमान व स्पर्श के लिए रिसेप्टर्स की खोज के लिए दिया गया है।
पुरस्कार की घोषणा सोमवार को नोबेल समिति के महासचिव थॉमस पर्लमन ने की। नोबेल समिति के पैट्रिक अर्नफोर्स ने कहा कि जूलियस ने नर्व सेंसर की पहचान के लिए मिर्च के सक्रिय घटक कैप्साइसिन की मदद ली। इस नर्व सेंसर से गर्मी पर त्वचा प्रतिक्रिया देती है। उन्होंने कहा, 'पेटापोशियन ने कोशिकाओं में दबाव और संवेदनशील सेंसर पाए जो मैकेनिकल स्टिमुलेशन पर प्रतिक्रिया देते हैं।'
पर्लमन ने कहा, 'इन रिसर्च से वाकई प्रकृति का एक बड़ा रहस्य उजागर हुआ है। यह खोज हमारे अस्तित्व के लिए बेहद अहम है।'
