अयोध्या नगर निगम हुआ खुले में शौच मुक्त हुआ, मिली ओडीएफ प्लस प्लस रैंक

अयोध्या । राम की नगरी अयोध्या में नगर निगम क्षेत्र पूर्ण रूप से खुले में शौंच मुक्त हो गया है। क्वालिटी कंट्रोल ऑफ इंडिया ने अयोध्या नगर निगम को ओडीएफ प्लस-प्लस की रैंकिंग दी है। अयोध्या नगर निगम के नगर आयुक्त विशाल सिंह ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि शासन की मंशा के अनुरूप अयोध्या का विकास एक आध्यात्मिक नगरी के रूप में किया जा रहा है। स्वच्छता के रूप में सबसे पहले अयोध्या नगर निगम को खुले में शौच से मुक्त करना था। यह बहुत बड़ी समस्या थी, जिसे खत्म करना एक चुनौती थी। इस चुनौती को हमने अब खत्म कर दिया है। उन्होंने बताया कि अर्बन एरिया में नगर निगम द्वारा पिछले 2 महीने में 125 सीट्स का उद्घाटन किया गया और उसे जनता को समर्पित किया गया। अभी स्वच्छता सर्वेक्षण चल रहा है। नगर निगम क्षेत्र में जो सामुदायिक शौचालय बने हैं, उनका संस्था द्वारा निरीक्षण किया गया था। उनकी व्यवस्थाओं और सुविधाओं को भी देखा और परखा गया। सामुदायिक शौचालय का संचालन आउटसोर्सिंग के द्वारा किया जा रहा है। नगर आयुक्त विशाल सिंह ने इस बात पर खुशी जाहिर की है। उन्होंने कहा कि अयोध्या नगर निगम की पूरी टीम को मेहनत से और जनता के सहयोग से क्वालिटी कंट्रोल ऑफ इंडिया ने ओडीएफ प्लस-प्लस की रैंकिंग दी है। विशाल सिंह ने कहा कि इसके साथ ही अयोध्या में विकास की गति भी तेज हो रही है। नगर आयुक्त विशाल सिंह ने कहा कि स्वच्छता को लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जो मानक हैं उसे हम जल्द ही पूरा कर लेंगे। बता दें कि अयोध्या नगर निगम ने शहर को स्वच्छ बनाने के लिए आईआईएम इंदौर के साथ एमओयू साइन किया था। इसका उद्देश्य शहर को साफ-सुथरा बनाने के साथ ही ट्रैफिक को भी दुरुस्त करने के लिए आईआईएम इंदौर अयोध्या नगर निगम के कर्मचारियों को ट्रेंनिंग देगा।
