अयोध्या विवाद पर कोर्ट से फैसले से पहले CM योगी ने UP पुलिस को किया अलर्ट

लखनऊ. उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (CM Yogi Adityanath) ने गुरुवार को लखनऊ के लोकभवन में प्रदेश के सभी जोन के अपर पुलिस महानिदेशकों (ADG) के साथ बैठक की. इस दौरान उन्होंने पुलिस अफसरों को कई निर्देश दिए. इसमें सबसे अहम अयोध्या केस में सुप्रीम कोर्ट से आने वाले फैसले को लेकर विशेष सतर्कता बरतने और थाना स्तर पर तैयारी के निर्देश शामिल हैं.
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि अयोध्या मामले में फैसले को लेकर अलर्ट रहें. फैसले की खुशी में होश खोने वाले और निराशा में किसी अप्रिय घटना को अंजाम दे सकने वालों पर नजर रखी जाए. इसके लिए थाना स्तर पर पीस कमेटियों का गठन कर अभी से दोनों पक्षों के लोगों को बातचीत कर आपसी सौहार्द के लिए प्रेरित किया जाए. अधिकारी अपना खुफिया तंत्र मजबूत करें. सीएम योगी ने पुलिस अधिकारियों को जम्मू-कश्मीर में अनुच्छेद 370 खत्म होने के बाद अराजकता फैलाने वालों पर भी नजर रखने के निर्देश दिए.
क्राइम और करप्शन पर जीरो टॉलरेंस
सीएम योगी ने कहा कि राज्य सरकार की क्राइम और करप्शन पर जीरो टॉलरेंस की मंशा है. पिछले ढाई वर्ष में अपराध पर प्रभावी नियंत्रण हुआ है. भ्रष्टाचार पर भी ऐसा ही नियंत्रण होना चाहिए. अपराध और भ्रष्टाचार दोनों मोर्चों पर प्रभावी कार्रवाई के लिए जोन स्तर पर एडीजी स्तर के सीनियर अधिकारी की नियुक्ति की गई. एडीजी जोन जनपद स्तर पर टीम की कार्यप्रणाली, संवेदनशीलता, प्रभावशीलता के संंबंध में समय-समय पर शासन को अवगत कराएं.
जनपदों में रात्रि विश्राम करें ADG जोन
मुख्यमंत्री ने कहा कि अपर पुलिस महानिदेशक जोन अपने अधीन जनपदों में रात्रि विश्राम करें. अपराधी प्रवृत्ति और भ्रष्ट व्यक्ति किसी भी स्थिति में थाना अध्यक्ष नहीं बनना चाहिए. राज्य सरकार किसी को भी कानून से खिलवाड़ की छूट नहीं देने के लिए प्रतिबद्ध है. जनपद रेंज-जोन के अधिकारियों तथा पुलिस-एसटीएफ आदि विभिन्न एजेंसियों को पारस्परिक तालमेल के साथ कार्य करना चाहिए. चार्जशीट समय-सीमा में दाखिल की जाए, इसकी समीक्षा भी की जाए सभी 18 रेंज में साइबर थाना और फॉरेंसिक लैब एक परिसर में स्थापित किया जाए. डिस्ट्रिक्ट मॉनीटरिंग कमेटी में तीन तलाक से जुड़े मामलों को लाकर उन्हें फास्ट ट्रैक कराया जाए. वर्तमान में प्रोफेशनल पुलिसिंग की दिशा में बढ़ने की आवश्यकता है.
