अलवर में फिर सामने आया मॉब लिंचिंग का मामला, युवक का हालत गंभीर

जुगल गांधी/अलवर: राजस्थान में मॉब लिंचिंग के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे है. अलवर में एक बार फिर मॉब लिंचिंग का मामला सामने आया है. जहां भीड़ ने एक शख्स को बुरी तरह पीटा है. खबर के मुताबिक तिजारा रोड़ पर भीड़ ने एक विशेष समुदाय के युवक को इस कदर पीटा की उसकी जानपर बन आयी. पुलिस ने पीड़ित को जैसे-तैसे छुड़ाया और उसे अस्पताल में भर्ती कराया. फिलहाल पीड़ित की हालत गंभीर बनी हुई है.

दरअसल हरियाणा का रहने वाला पीड़ित हाकिम अली अपने एक साथी जुनैद के साथ वजीरका आने के लिए रामगढ़ अलवर तक आ पहुंचा. यहां जुनैद एटीएम से पैसे निकालने के लिए गाड़ी से नीचे उतरा इस दौरान वहां मौजूद युवकों से किसी बात को लेकर जुनैद की झड़प हो गई. इसके बाद जुनैद मौके से भागा और गाड़ी में बैठ भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन आरोपियों ने जुनैद और हाकिम अली का पीछा किया और उन्हे घेर लिया. इस दौरान हाकिम अली को भीड़ ने बुरी तरह से पीटा. लिंचिंग की इस घटना में हाकिम बुरी तरह घायल हो गया है.

बता दें कि अलवर में ऐसी ही घटना सामने आई थी जब बहरोड़ में एक अप्रैल 2017 को हरियाणा के जयसिंहपुरा निवासी पहलू खान अपने बेटों और भतीजों के साथ दो गाड़ियों में जयपुर के हटवाड़ा से गायों को लेकर अपने गांव जा रहा था. रास्ते में बहरोड़ में भीड़ ने उन्हें रोककर गो तस्करी के शक में मारपीट की जिसमें पहलू खान गंभीर रूप से घायल हो गया था जिसे निजी अस्पताल में इलाज के लिए ले जाया गया जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.
 
वहीं 14 अगस्‍त को इस मामले में फैसला सामने आया था. जिसमें कोर्ट द्वारा सभी 6 आरोपियों को बरी कर दिया गया. यह फैसला जस्टिस डॉ. सरिता स्वामी ने सुनाया था. अलवर में करीब दो वर्ष पूर्व गो तस्करी के मामले में हुई पहलू खान की हत्या के बाद देश, दुनिया में यह मामला सुर्ख़ियों में रहा था. इस मामले में दो बाल अपराधियों सहित कुल 9 को आरोपी बनाया गया था. 

हालांकि निचली अदालत द्वारा दिए फैसले के बाद गहलोत सरकार ने तीन सदस्यीय एसआईटी का गठन करने के आदेश दिए थे. साथ ही गहलोत सरकार ने यह भी आदेश दिए हैं कि यह एसआईटी 15 दिन में अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी. मामले को एक बार फिर से शुरू से इंवेस्टिगेट किया जा रहा है. इसके अलावा यह पता लगाने की भी कोशिश की जा रही है कि इस मामले की पैरवी में कहां लापरवाही की गई है. 
 

Leave a Reply