अल्पेश ठाकोर और धवलसिंह भाजपा में शामिल होंगे, ठाकोर सेना का फैसला

अहमदाबाद | कांग्रेस के पूर्व विधायक अल्पेश ठाकोर और धवलसिंह झाला जल्द ही भाजपा में शामिल होंगे| अहमदाबाद में सोमवार को हुई ठाकोर सेना की कोर समिति में यह फैसला किया गया| हांलाकि कोर समिति ने भाजपा में शामिल होने का समय तय करने का फैसला अल्पेश ठाकोर पर छोड़ा है|
ठाकोर सेना कोर समिति के सदस्य अमित ठाकोर ने बताया कि समाज के हित के लिए कांग्रेस से अलग हुए अल्पेश ठाकोर और धवलसिंह झाला भाजपा में शामिल होंगे और ठाकोर समाज उनके साथ है| अल्पेश ठाकोर और धवलसिंह झाला भाजपा में शामिल होकर समाज हित के काम करेंगे| भाजपा में शामिल होने के बाद अल्पेश ठाकोर राधनपुर से और धवलसिंह झाला बायड से चुनाव लड़ेंगे| गौरतलब है वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव में भी कांग्रेस के टिकट पर अल्पेश ठाकोर ने राधनपुर और धवलसिंह झाला ने बायड से चुनाव लड़ा था| गौरतलब है लोकसभा चुनाव से पहले अल्पेश ठाकोर और धवलसिंह झाला के कांग्रेस छोड़ने का फैसला ठाकोर सेना की कोर समिति ने ही किया था|
