अवैध उत्खनन के लंबित प्रकरणों का जल्द निपटारा करने कलेक्टरों को निर्देश

भोपाल।शिवराज सरकार ने सभी जिला कलेक्टरों को निर्देश भेजकर कहा है कि वे अवैध उत्खनन के लंबित प्रकरणों का त्वरित निपटारा करें।
राज्य के खनिज संचालक वीके आस्टिन के माध्यम से भेजे गये उक्त ताजा निर्देशों में कलेक्टरों से कहा गया है कि अवैध उत्खनन के प्रकरण पंजीबध्द होने के पश्चात खनिज नियमों/भू-राजस्व संहिता के तहत उनका निराकरण किया जाता है। राज्य शासन के संज्ञान में आया है कि कलेक्टर न्यायालय एवं अनुविभागीय राजस्व अधिकारी न्यायालय में ये प्रकरण, निराकरण के अभाव में लंबित हैं। इन प्रकरणों का निराकरण न होने के कारण प्रदेश का राजस्व अवरुध्द रहता है।
निर्देशों में आगे कहा गया है कि अवैध उत्खनन के प्रकरणों का निराकरण एक निश्चित समयावधि में किया जाये जिससे राज्य सरकार को राजस्व प्राप्त हो तथा अवैध उत्खननकत्र्ता हतोत्साहित हों। इसलिये ऐसे लंबित प्रकरणों का त्वारित गति से निराकरण किया जाये।
