असम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राहुल गांधी की रैली आज, तमिलनाडु में नामांकन खत्म

नई दिल्ली. भाजपा ने शुक्रवार को चुनाव आयोग से पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के खिलाफ उनके इस आरोप के लिए कानूनी कार्रवाई करने का आग्रह किया कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह चुनाव आयोग को प्रभावित कर सकते हैं. भाजपा ने साथ ही बनर्जी पर यह भी आरोप लगाया कि वह शाह के खिलाफ 'झूठे आरोप लगाने का अभियान चला रही हैं.' इसके साथ ही मिलनाडु में छह अप्रैल को होने जा रहे विधानसभा चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने की समय सीमा शुक्रवार शाम समाप्त हो गई. मुख्य चुनाव अधिकारी की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, राज्य में 234 सीटों पर कुल 6,357 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया. इनमें 5,398 पुरुष, 956 महिला और तीन ट्रांसजेंडर उम्मीदवार हैं.

वहीं माकपा नीत सत्तारूढ़ एलडीएफ ने छह अप्रैल को होने जा रहे विधानसभा चुनाव के लिए शुक्रवार को अपना घोषणा-पत्र जारी कर दिया जिसमें उसने युवाओं के लिए 40 लाख रोजगारों का सृजन करने और सभी गृहणियों को ‘पेंशन’ देने का वादा किया है. दूसरी ओर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शुक्रवार 'पांच गारंटियां' देते हुए कहा कि असम में अगर उनकी पार्टी की सरकार बनी तो सीएए लागू नहीं होगा और छह घंटे के अंदर चाय श्रमिकों का दैनिक वेतन बढ़ाकर 365 रुपये कर दिया जाएगा. गांधी ने विधानसभा चुनाव के लिये तैयार असम की अपनी यात्रा के पहले दिन चुनावी रैली में कॉलेज के छात्रों, चाय कामगारों समेत सभी वर्ग के लोगों को आश्वासन दिये.

पुडुचेरी विधानसभा के लिए छह अप्रैल को होने वाले चुनाव में एआईएनआरसी के संस्थापक नेता एन रंगासामी दो सीटों पर लड़ेंगे. इसके अलावा पार्टी ने शुक्रवार को चार पूर्व मंत्रियों तथा पांच नए चेहरों समेत 16 उम्मीदवारों को चुनाव लड़ने के लिये टिकट दिया.

Leave a Reply