असाध्य रोग से पीड़ित युवक ने पत्र लिख पीएम मोदी व सीएम रूपाणी से मांगी इच्छामृत्यु

असाध्य रोग से पीड़ित अहमदाबाद के एक युवक ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी को पत्र लिखकर इच्छामृत्यु की मांग की है। युवक का मानना है कि 88 वर्ष की मां से वह अब अपनी सेवा नहीं कराना चाहता और समाज पर बोझ बनकर भी नहीं रह सकता।
अहमदाबाद के खोखरा इलाके में बने हाउसिंग बोर्ड की आवास योजना में रहने वाले रवि नागर की उम्र 40 से अधिक की हो गई है। रवि असाध्य रोग से पीड़ित है। वर्ष 1991 से अब तक अलग-अलग चिकित्सकों को दिखाने के बावजूद उसकी बीमारी का पता नहीं चल पा रहा है। चिकित्सक उसे आराम करने की ही सलाह देते हैं। रवि नागर बताते है कि बीते 15 साल से तो वे बिस्तर पर ही सभी दैनिक काम कर रहे हैं। उनकी मां सेवा करती है और जरूरत पड़ने पर पड़ोसी भी आकर मदद करते हैं। रवि कहते हैं मुझे खुद मां की सेवा करनी चाहिए, लेकिन असमर्थ होनेके कारण उनकी सेवा नहीं कर सकता लेकिन इस उम्र में उनसे सेवा कराने की भी उनकी कोई इच्छा नहीं है। रवि कहते हैं मैं नहीं रहूं तो मां कम से कम इस उम्र में शांति व आराम से जी तो सकती हैं।
रवि ने प्रधानमंत्री मोदी, गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपाणी, स्वास्थ्य मंत्री नितिन पटेल को पत्र लिखकर इच्छा मौत की मांग की है। रवि के मुताबिक, अब इस लाइलाज बीमारी से छुटकारा मुश्कित है।अन्य लोगों पर बोझ बनकर जीने से अच्छा है शांति से मर जाना, ताकि अपने लोगों को किसी तरह की तकलीफ नहीं हो।
