अहमदाबाद मंडल से उत्तर प्रदेश व बिहार जाने वालों के लिए 20 से अधिक स्पेशल ट्रेनें उपलब्ध

अहमदाबाद | पश्चिम रेलवे द्वारा वर्तमान में उत्तर प्रदेश व बिहार की ओर यात्रा करने वाले यात्रियों की सुविधा के लिए पर्याप्त मात्रा में स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है। अहमदाबाद मंडल के डीआरएम दीपक कुमार झा ने प्रेस से चर्चा के दौरान बताया कि यात्रियों को चिंता करने एवं जल्दबाजी करने की कोई आवश्यकता नहीं है। मंडल के गांधीधाम से भागलपुर एवं पुरी के लिए स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है। वही अहमदाबाद से बरौनी, सुल्तानपुर, गोरखपुर, लखनऊ, योग नगरी ऋषिकेश, ग्वालियर, आगरा, मुजफ्फरपुर, पटना, दरभंगा,वाराणसी, तथा पुरी के लिए 20 से अधिक स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है। उन्होंने आश्वस्त किया कि हम लगातार वेटिंग लिस्ट पर नजर बनाए हुए हैं तथा आने वाले समय में अतिरिक्त कोच भी लगाए जाने की योजना है। यात्रियों से अनुरोध है कि महामारी के इस संकट के दौर में सभी कोविड-19 प्रोटोकॉल का कड़ाई से पालन करें एवं सुरक्षित यात्रा करें।
