आईपीएम में अकेले ही विदेशी खिलाड़ियों से टक्कर ले रहे धोनी

मुम्बई । इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में इस बार महेन्द्र सिंह धोनी अकेले ऐसे भारतीय खिलाड़ी हैं जो अपने प्रदर्शन से विदेशी खिलाड़ियों को कड़ी टक्कर दे रहे हैं। आईपीएल में देखा जाये तो विदेशी खिलाड़ी ही छाये हुए हैं। इसका अंदाजा इससे होता है कि शुरुआती दो सप्ताह में अधिकतर मैचों में विदेशी खिलाड़ियों को ही मैन ऑफ द मैच के अवॉर्ड मिले हैं। आंद्रे रसेल, डेविड वॉर्नर, जॉनी बेयरस्टो, सुनील नरेन, मोहम्मद नबी, राशिद खान, अल्जारी जोसफ, कागिसो रबाडा और कायरन पोलार्ड ऐसे विदेशी खिलाड़ी हैं जिन्होंने अपनी टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई है। वहीं दूसरी तरफ इस लीग में अभी तक भारतीय खिलाड़ियों का प्रदर्शन औसत रहा है।
इस लीग में विदेशियों को अगर कोई भारतीय टक्कर दे रहा है तो वह हैं धोनी। सीएसके के लिए सबसे ज्यादा छक्के और सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं धोनी। धोनी ने सही मायने में मोर्चे से अगुआई करते हुए अपनी टीम को जीत दिलाई है। कुछ महीने पहले तक अपनी धीमी बल्लेबाजी के लिए आलोचना झेलने वाले माही आईपीएल में अपने असली रंग में नजर आ रहे हैं। उन्होंने 124.80 की स्ट्राइक रेट से 156 रन बनाये हैं। राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ उन्होंने 46 गेंद पर 75 रन की पारी खेलकर प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड भी अपने नाम किया था।
एमवीपी में तीन विदेशी
इस लीग के शुरुआती 21 मैचों के प्रदर्शन पर नजर डालें तो कोलकाता नाइटराइडर्स की टीम में शामिल कैरेबियाई ऑलराउंडर आंद्रे रसेल का खेल सबसे अव्वल रहा है। अभी तक उन्होंने 5 मैच खेले हैं और 144 अंक लेकर इस सीजन के ‘मोस्ट वैल्यूबल प्लेयर’ (एमवीपी) बने हुए हैं। एमवीपी की लिस्ट पर नजर डालें तो शीर्ष 5 में तीन विदेशी और दो भारतीय हैं। रसेल के बाद 125 अंकों के साथ जॉनी बेयरस्टो दूसरे स्थान पर हैं। ऋषभ पंत (102.5) और हार्दिक पंड्या (101.5) क्रमश: तीसरे और चौथे पर हैं जबकि पांचवें पर सनराइजर्स के ऑस्ट्रेलियाई ओपनर डेविड वॉर्नर (100) पांचवें स्थान पर हैं।
केकेआर की टीम 5 मैचों में चार जीत के साथ अंक तालिका में पहले पर पहुंच गई और इसमें रसेल का योगदान उल्लेखनीय है। इस ताकतवर बल्लेबाज ने शुरुआती लगातार चार मैचों में तूफानी पारी खेली और तीन में प्लेयर ऑफ द प्लेयर का अवॉर्ड जीता। एक बार उनकी बल्लेबाजी नहीं आई और दिल्ली के खिलाफ मुकाबले में 28 बॉल पर 62 रन ठोके, लेकिन उस मैच में पृथ्वी साव ने 99 रन की पारी खेल कर मैच टाई करा लिया और प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड भी जीत लिया।
