आईपीएल के अनुभवों से टी20 विश्वकप में लाभ होगा : बाउचर

कराची । दक्षिण अफ्रीका के मुख्य कोच मार्क बाउचर ने कहा है कि इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के अनुभवों का लाभ खिलाड़ियों को टी20 विश्व कप में नजर आयेगा। कोच ने माना है कि आईपीएल में व्यस्त होने के कारण उनके कई खिलाड़ी पाकिस्तान के खिलाफ होने वाली श्रृंखला में नहीं खेल पाएंगे पर इससे कोई नुकसान नहीं है। इस दौरान वह अपनी टीम के युवा खिलाड़ियों को खेलने का अवसर देंगे। वहीं जो खिलाड़ी आईपीएल में खेलेंगे उन्हें इसका लाभ टी20 विश्व कप की तैयारियों के लिए मिलेगा और कुल मिलाकर टीम को लाभ ही होगा।
दक्षिण अफ्रीका के शीर्ष पांच खिलाड़ी क्विंटन डिकॉक, कैगिसो रबाडा, लुंगी एनगिडी, डेविड मिलर और एनरिच नोर्जे आईपीएल में खेलेंगे और ऐसे में पाक के खिलाफ केवल दो एकदिवसीय मैच ही खेल सकेंबे। इसके बाद वे 9 अप्रैल से शुरू होने वाले आईपीएल के लिए भारत पहुंच जाएंगे।
बाउचर ने कहा, ‘इन खिलाड़ियों के श्रृंखला के मैचों में नहीं खेलने के फायदे और नुकसान हैं लेकिन हम पहले से इसे जानते थे क्योंकि बीसीसीआई और उनके बोर्ड (सीएसए) के बीच आईपीएल के लिए खिलाड़ियों को छोड़ने का समझौता पहले ही हो गया था पर कोविड-19 के कारण कार्यक्रम अनुकूल तैयार नहीं किया जा सका था।'
कोच ने कहा है कि खिलाड़ियों के आईपीएल में खेलने का एक बड़ा लाभ यह है कि भारत में इस साल के अंत में टी20 विश्व कप खेला जाना है। उन्होंने कहा, ‘मुझे लगता है कि आईपीएल में भागीदारी का हमें विश्व कप में लाभ मिलेगा। इससे हमारे खिलाड़ियों को अलग-अलग स्थलों में खेलने और विरोधी टीमों को समझने का अवसर भी मिलेगा।'
