आईसीसी रैंकिंग में दूसरे स्थान पर खिसके विराट , स्मिथ शीर्ष पर पहुंचे 

दुबई । टीम इंडिया के कप्तान विराट आईसीसी की ताजा टेस्ट रैंकिंग में पहले स्थान से खिसक गये हैं। विराट की जगह ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज स्टीव स्मिथ नंबर एक बन गये हैं जबकि विराट दूसरे नंबर पर फिसल गये हैं। 
एशेज में शानदार प्रदर्शन से स्मिथ ने टेस्ट रैंकिंग में पहले स्थान पर वापसी की है। स्मिथ के अब रैंकिंग में 904 अंक हैं, जबकि 903 अंकों के साथ विराट दूसरे स्थान पर आ गए हैं। विराट ने जमैका टेस्ट की पहली पारी में 76 रन बनाए थे। लेकिन दूसरी पारी में विराट खाता भी नहीं खोल पाये जबकि स्मिथ ने एशेज के पहले टेस्ट की दोनो पारियों में शतक लगाया था। इससे विराट के अंक कम हो गये। स्मिथ ने अगस्त 2018 के बाद पहले स्थान पर वापसी की है।
स्मिथ दिसंबर 2015 से अगस्त 2018 तक लगातार नंबर 1 स्थान पर बरकरार थे। इसके बाद मार्च 2018 में उन्हें दक्षिण अफ्रीका में एक टेस्ट मैच में गेंद से छेड़छाड़ का दोषी पाया गया, जिससे उन पर एक साल का प्रतिबंध लग गया था।  टेस्ट के पहले मैच में स्मिथ ने शानदार वापसी की और कुल 378 रन बनाकर विराट को पीछे छोड़ दिया। स्मिथ के पास  एशेज के बचे हुए दो टेस्ट मैचों में अपनी रैंकिंग और भी बेहतर करने का अवसर भी है। अभी दो टेस्ट और हैं यानी उनके पास यह मौका भी होगा कि वह विराट से अपने एक अंक के इस मामूली अंतर को और बढ़ा सकें।

Leave a Reply