आगरा में बिजली के खंभों पर पोस्टर लगाना पड़ेगा महंगा, दर्ज होगा केस

आगरा । आगरा में अब सार्वजनिक स्थानों या बिजली के खंभों पर पोस्टर लगाना महंगा पड़ सकता है। दरअसल, आगरा नगर निगम प्रशासन अब ऐसे लोगों पर न केवल जुर्माना लगाएगा, बल्कि मुकदमा भी दर्ज करेगा। नगर निगम प्रशासन ने यह फैसला कोचिंग संस्थान, शो-रूम और अन्य प्रतिष्ठान उसकी संपत्ति को नुकसान देखते हुए लिया है। दरअसल, पोस्टरों से शहर की खूबसूरती भी छिप जा रही है। जानकारी के मुताबिक, नगर निगम के सौ वार्ड में 62 हजार बिजली के खंभे और 12 शेल्टर होम हैं। इस बारे में सरकारी इंजीनियर आशीष शुक्ला ने बताया कि जिस संस्थान या फिर कोचिंग सेंटर का पोस्टर लगा होगा उसे दोषी मानते हुए कार्रवाई की जाएगी। बता दें कि, राइजिंग इंडिया हर रविवार को शहर के प्रमुख चौराहों की सफाई करता है। उसके अभियान के अंतर्गत दीवारों की सफाई कर आकर्षक पेंटिंग बनाई जाती हैं। मगर, पेंटिंग बनने के चौबीस घंटे के बाद ही वहां पोस्टर लग जाते है। कइ बार तो स्कूल और कॉलेज की बाहरी दीवारों पर भद्दे पोस्टर लगा दिए जाते हैं। नगर निगम का यदि ये नियम कड़ाइ से लागू होता है तो ताज नगरी की खूबसूरती और सादगी निखर सकेगी।
