आजमगढ़: बहुचर्चित दूल्हा हत्याकांड का मुख्य आरोपी शाह कमर पुलिस मुठभेड़ में घायल, साथी फरार

आजमगढ़. उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ (Azamgarh) में किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने जा रहे बदमाशों की स्वाट और देवगांव कोतवाली पुलिस के साथ बनारपुर गांव के समीप मुठभेड़ (Police Encounter) हो गई. इस मुठभेड़ में पुलिस की गोली से एक बदमाश घायल हो गया जबकि दो बदमाश मौके से फरार हो गये. पुलिस ने घायल बदमाश को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया जबकि फरार बदमाशों की तलाश में जुट गयी है. घायल बदमाश पिछले वर्ष हुए बहुचर्चित दूल्हा हत्याकांड का मुख्य आरोपी बताया गया है.
आजमगढ़ स्वाट, सर्विलांस टीम को सूचना मिली की कुछ बदमाश देवगांव क्षेत्र में बड़ी अपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में हैं. सूचना के बाद स्वाट टीम ने देवगांव पुलिस के साथ संयुक्त अभियान चलाया. बनारपुर गांव के समीप एक बुलेट पर सवार तीन व्यक्तियों को पुलिस ने रोकना चाहा तो वे पुलिस टीम पर फायरिंग करने लगे. पुलिस ने भी फायरिंग शुरू की, जिसमें एक बदमाश घायल हो गया… जिसकी पहचान शाह कमर के रूप में हुई.
2020 में दूल्हे को बीच मंडप में गोली मार की थी हत्या
पुलिस के अनुसार घायल शाह कमर फरवरी 2020 में देवगांव कोतवाली क्षेत्र में मंडप में दूल्हे की गोली मारकर हुई हत्या का मुख्य आरोपी व पचास हजार का इनामी बदमाश है. जिसने जून 2020 में कोर्ट में सरेंडर कर दिया था. इस समय यह जमानत पर बाहर आया हुआ था. सीओ लालगंज मनोज रघुवंशी ने बताया कि स्वाट और देवगांव पुलिस के संयुक्त अभियान में हुई मुठभेड़ में एक बदमाश शाह कमर घायल हुआ है. जिसे उपचार के लिए अस्पताल भर्ती कराया गया है. यह अपने साथियों के साथ किसी बड़ी वारदात की फिराक में था. मुठभेड़ को अंजाम देने वाली पुलिस टीम को दस हजार रूपये का पुरस्कार दिया गया है.
