आज मिशन साउथ पर पीएम मोदी, नंदीग्राम में ममता और अमित शाह का होगा आमना-सामना

नई दिल्ली. पुडुचेरी में चुनाव प्रचार के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दौरे के दौरान सुरक्षा सुनिश्चित करने को लेकर 29-30 मार्च तक यहां ड्रोन और अन्य मानव रहित यान (यूएवी) की उड़ानों पर प्रतिबंधित लगा दिया गया है. जिलाधिकारी पुरवा गर्ग ने सोमवार को एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि ड्रोन और अन्य मानवरहित यान की उड़ानों पर प्रतिबंध लगाने के लिए पूरे पुडुचेरी क्षेत्र में धारा 144 लगा दी गई है.मोदी छह अप्रैल को होने वाले विधानसभा चुनावों में राजग उम्मीदवारों के समर्थन में मंगलवार को यहां एक चुनावी रैली को संबोधित करेंगे.
वहीं चुनाव आयोग ने खबर के प्रारूप में भाजपा का विज्ञापन छापने के लिए असम के आठ अखबारों को नोटिस जारी किया है. इसमें दावा किया गया था कि भाजपा उन सभी 47 सीटों पर जीत दर्ज करेगी जहां शनिवार को पहले चरण में मतदान हुआ था. यह जानकारी अधिकारियों ने दी. अधिकारियों ने बताया कि कांग्रेस की शिकायत के बाद अखबारों को नोटिस भेजा गया. इस शिकायत में कांग्रेस ने आरोप लगाया था कि विज्ञापन चुनाव आयोग के निर्देशों, चुनाव आचार संहिता और जनप्रतिनिधि कानून 1951 का उल्लंघन है.
