आज रात से बदलेगा दिल्ली का मौसम, तेज हवाओं के साथ हो सकती है बारिश

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के मौसम में शुक्रवार की रात से बदलाव देखने को मिलेगा। मौसम विभाग का अनुमान है कि दिन भर की गर्मी के बाद रात के समय 30-40 की रफ्तार वाली तेज हवाएं चल सकती हैं। इस दौरान कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी भी हो सकती है। 

दिल्ली के लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिलने के आसार बनते दिख रहे हैं। मौसम विभाग का अनुमान है कि शुक्रवार के दिन भी उमस भरी गर्मी रहेगी। लेकिन, इसके बाद मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। दिल्ली के ज्यादातर हिस्सों में गुरुवार के दिन सुबह से ही तेज और चमकीला सूरज निकला रहा। दिन चढ़ने के साथ ही धूप भी तीखी हो गई।

दिल्ली के सफदरजंग स्थित मौसम केन्द्र में दिन का अधिकतम तापमान 39.7 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया जो कि सामान्य से तीन डिग्री ज्यादा है। वहीं, न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस रार्ड किया गया जो कि सामान्य से दो डिग्री ज्यादा है। यहां पर नमी का स्तर 55 से 80 फीसदी तक रहा। इसके चलते मौसम में भारी गर्मी और उमस महसूस की गई। लोग दिन भर पसीना पोंछते रहे। 

कई इलाकों में पारा चालीस के पार
दिल्ली में कई जगहों पर अधिकतम पारा 40 के पार रिकार्ड किया गया। दिल्ली के पालम और पूसा केन्द्र में अधिकतम पारा 41.4 डिग्री सेल्सियस रहा। जबकि, रिज केन्द्र में भी अधिकतम पारा 41 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। 

तेज हवाओं के साथ बदलेगा मौसम
मौसम विभाग का अनुमान है कि शुक्रवार के दिन भी लोगों को तेज उमस भरी गर्मी झेलनी पड़ेगी। दिन के समय तापमान 31 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। जबकि, रात से मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। के समय तीस से चालीस किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार वाली हवाएं चलेंगी। इस दौरान कहीं-कहीं बूंदाबांदी हो सकती है। जबकि, शनिवार से अगले चार दिन तक हल्की से लेकर मध्यम स्तर तक की बरसात का दौर रह सकता है। 

दिल्ली की हवा साफ-सुथरी
दिल्ली की हवा अपेक्षाकृत साफ-सुथरी बनी हुई है। केन्द्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के मुताबिक गुरुवार दिन का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक 127 के अंक पर रहा। इस स्तर की हवा को मध्यम श्रेणी में रखा जाता है। सफर का अनुमान है कि अगले दो दिनों के बीच हवा का स्तर इसी के आस-पास रहने की संभावना है।

Leave a Reply