आधी रात को 3 नदियों में आई बाढ़ और बहाकर ले गई 200 जिंदगियां, सैकडों लोग लापता

कोलंबिया। कोलंबियामें आधी रात को आए बाढ़ और भूस्खलन ने कोहराम मचा दिया है। अब तक मिली सूचना के मुताबिक कम से कम 200 लोग मारे गये हैं और सैकड़ों लोग लापता हैं। ये हादसा मोकोवा शहर में शनिवार रात को अचानक हुई तेज बारिश की वजह से तीन नदियों का तटबंध टूटने से हुआ।

लोग आधी रात को नींद में थे तभी नदियों का पानी, कीचड़ तेज रफ़्तार से आया और लोगों के घरों में घुस गया। लोग संभल पाते इससे पहले ही पानी की तेज धार कई लोगों को बहाकर ले गई। कई लोग कीचड़ पत्थरों और पेड़ के नीचे दब गये। रात होने की वजह से कुछ समझ में नहीं आया। पानी की धारा इतनी तेज थी की कई कारें भी बह गईं।

कोलंबिया के दक्षिणी बॉर्डर में इक्वाडोर से सटे मोकोवा शहर की आबादी लगभग 40 हजार है। ये शहर पहाड़ियों के बीच स्थित है। ये पूरा इलाका ढलाई वाला है। इसलिए रात को जब कीचड भरा पानी यहां से गुजरा तो तबाही मच गई। कई घर गिर गये, कई पेड़ टूटे, कई चट्टानें बहने लगी और निचले इलाकों की ओर तेज रफ्तार से जाने लगी। कई लोगों को संभलने का मौका ही नहीं मिला।

राष्ट्रपति जॉन मैन्युल सांतोस ने देश में आपात काल घोषित कर दिया है और खुद राहत और बचाव कार्य का जायजा ले रहे हैं। उन्होंने आशंका जताई कि मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है। उन्होंने बाढ़ प्रभावित इलाके का हवाई दौरा किया, और राहत एजेंसियों को युद्ध स्तर पर राहत और बचाव कार्य करने का आदेश दिया है।

Leave a Reply