आयोग ने किया जिला जेल विदिशा का औचक निरीक्षण

आयोग ने किया जिला जेल विदिशा का औचक निरीक्षण
बंदियों की स्वास्थ्य सुरक्षा एवं उपचार की पुख्ता व्यवस्थाओं के निर्देश दिये
मध्यप्रदेश मानव अधिकार आयोग के माननीय अध्यक्ष न्यायमूर्ति श्री नरेन्द्र कुमार जैन एवं माननीय सदस्य श्री सरबजीत सिंह ने 23 जनवरी को जिला जेल विदिशा का औचक निरीक्षण किया।
जिला जेल विदिशा के निरीक्षण के दौरान आयोग के पदाधिकारीगणों ने बंदियों की स्वास्थ्य सुरक्षा हेतु उपचार की व्यवस्था की जानकारी ली। बताया गया कि यहां स्थायी (नियमित) डाक्टर की नियुक्ति नहीं हैं। एक शासकीय चिकित्सक की टेम्पररी ड्यूटी लगाई गई है। जो आवश्यकतानुसार जेल आकर बंदियों का उपचार करते हैं। इसपर आयोग अध्यक्ष न्यायमूर्ति श्री जैन ने जिला प्रशासन और जेल प्रबन्धन को जेल में बंदियों के स्वास्थ्य की सुरक्षा हेतु सभी जरुरी जांच एवं उपचार की पुख्ता व्यवस्था सुनिश्चित कर यहां नियमित डाक्टर नियुक्त करने के निर्देश दिये। आयोग ने बंदियो को दी जाने वाली विधिक सहायता (लीगल एड), पैरोल, रेफरल प्रोसेस, बैरकों में उपलब्ध सुविधाओं, पेयजल, भोजन निर्माण एवं वितरण व्यवस्था, साफ़-सफाई, परिजनों से मुलाकात सहित अन्य विषयों पर भी विस्तार से जानकारी ली। जेल में निरुद्ध बंदी रजिस्टर चेक कर बंदियों की स्वास्थ्य पुस्तिका के संबंध में भी समुचित निर्देश दिये। बताया गया कि जिला जेल में इस समय कुल 272 बंदी हैं। 
आयोग ने कलेक्टर विदिशा डा. पंकज जैन से आंगनवाडी केन्द्रों के संचालन के संबंध में भी विस्तार से चर्चा की। कलेक्टर ने आयोग को कोविड-19 प्रोटोकाल (गाईडलाईन) के संदर्भ में वस्तुस्थिति से अवगत कराया।
