आय से अधिक संपत्ति मामले में एंटी करप्शन ने की कार्रवाई

ठाणे। ठाणे एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में सेवानिवृत्त एक पुलिस अधिकारी, मुंबई महानगरपालिका के एक अधिकारी तथा उनकी पत्नी और ठाणे जिला परिषद के तत्कालीन कार्यकारी अभियंता व उसके परिवार के खिलाफ मामला दर्ज किया है. एसीबी की इस कार्रवाई से अन्य रिश्वतखोरों के बीच हड़कंप मचा गया है. बताया गया है कि ठाणे के वागले इस्टेट पुलिस स्टेशन में कार्यरत तत्कालीन वरिष्ठ निरीक्षक शहाजी जाधव को तीन कॉन्स्टेबल के साथ 28 जनवरी 2015 को एसीबी ने रिश्वत मामले में गिरफ्तार किया था. जाधव की संपत्ति की जांच में एसीबी ने 24 मई 1985 से 31 जनवरी 2015 के 30 वर्ष की अवधि में आय से 47 फीसद यानी 41 लाख 65 हजार मूल्य की अधिक संपत्ति अर्जित करने का खुलासा किया. इसके बाद उनके खिलाफ वागले इस्टेट पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया है. जबकि मुंबई मनपा के सतर्कता विभाग के तत्कालीन उपकर निर्धारक सुनील बने के खिलाफ भी घूसखोरी का मामला चल रहा है. एसीबी द्वारा छानबीन में पता चला कि बने ने 1 जनवरी 2000 से 17 जून 2014 के दौरान ज्ञात आय से 33 लाख 3 हजार मूल्य की अधिक संपत्ति अर्जित की. बने की पत्नी भावना ने पति का सहयोग किया था, इसलिए पति-पत्नी दोनों के खिलाफ राबोडी पुलिस थाना में मामला दर्ज किया गया है. ठाणे जिला परिषद के जलापूर्ति विभाग के तत्कालीन कार्यकारी अभियंता संजय बाविष्कर के खिलाफ जारी मामले में एसीबी की छानबीन में आय से करीब 46 फीसद अधिक यानी 1 करोड़ साढ़े 3 लाख की संपति अर्जित करने का खुलासा हुआ. इसके बाद एसीबी ने संजय बाविष्कर, उनकी पत्नी शर्मिला, पिता एकनाथ बाविष्कर, ससुर ताराचंद तथा चचेरे साले सदाशिव के खिलाफ ठाणे नगर पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया है. 

Leave a Reply