आरबीआई फिर दे सकता है ब्याज दरों में कटौती का तोहफा

नई दिल्ली। रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया गुरुवार को मॉनिटरी रिव्यू के तहत पॉलिसी रेट्स में 0.25 प्रतिशत की कटौती कर सकता है। अगर आरबीआई ऐसा करता है तो यह लगातार तीसरा मौका होगा जब वह ब्याज दर घटाएगा। जानकारों का कहना है कि 2018-19 की चौथी तिमाही में इकोनॉमिक ग्रोथ रेट पांच साल के निचले स्तर पर आ गया है जिसकी वजह से रिजर्व बैंक द्वारा ब्याज दरों में कटौती की गुंजाइश बढ़ी है। आरबीआई की मॉनिटरी पॉलिसी कमिटी (एमपीसी) गुरुवार को चालू वित्त वर्ष की दूसरी द्विमासिक मॉनिटरी रिव्यू पेश करेगी। नरेंद्र मोदी की अगुआई वाली सरकार के दूसरे कार्यकाल में यह पहला मॉनिटरी रिव्यू होगा। पिछली दो बैठकों में भी एमपीसी पॉलिसी रेट में चौथाई-चौथाई प्रतिशत की कटौती कर चुकी है। रिजर्व बैंक के गवर्नर शक्तिकांत दास की अगुआई वाली एमपीसी की तीन दिन की बैठक चार जून से शुरू होगी। देश के सबसे बड़े बैंक स्टेट बैंक ऑफ इंडिया ने अपनी हालिया शोध रिपोर्ट में कहा था कि रिजर्व बैंक को ब्याज दरों में अधिक बड़ी कटौती करनी होगी, 0.25 प्रतिशत से अधिक, जिससे इकोनॉमी में सुस्ती को रोका जा सके।
