आर्चर को विश्व कप टीम में शामिल किया जाये : फ्लिंटॉफ

लंदन । इंग्लैंड के महान ऑलराउंडर एंड्रयू फ्लिंटॉफ ने कहा है कि युवा खिलाड़ी जोफ्रा आर्चर को आगामी विश्व कप के लिए टीम में को शामिल किया जाना चाहिये। आर्चर ने कुछ दिन पहले ही इंग्लैंड के लिए वनडे क्रिकेट में अपना पहला मैच खेला था। आयरलैंड के खिलाफ खेले गए इस मैच में उन्होंने 40 रन देकर 1 विकेट हासिल किया था। आर्चर ने आईपीएल में भी शानदार प्रदर्शन किया है। उन्हें पाकिस्तान के खिलाफ खेली जाने वाली घरेलू सीरीज के लिए भी टीम में शामिल किया गया है। वहीं इंग्लैंड ने विश्व कप के लिए अभी सिर्फ प्रारंभिक 15 खिलाड़ियों की सूची जारी की है जबकि अंतिम 15 खिलाड़ियों की सूची 23 मई तक आईसीसी को सौंपनी है। ऐसे में सभी की निगाहें तेज गेंदबाज आर्चर पर हैं। कई क्रिकेट दिग्गज आर्चर को विश्व कप टीम में शामिल किए जाने के पक्ष में हैं। फ्लिंटॉफ ने आर्चर की जमकर तारीफ की और कहा, 'मुझे आर्चर को गेंदबाजी करते देखना बेहद अच्छा लगता है। किसी के लिए इतनी जल्दी इतनी आसानी से तेज गेंदबाज़ी करना, इतने नियंत्रण के साथ, वो भी इतनी विविधताओं के साथ जैसे धीमी गेंदें, बाउंसर, यॉर्कर। मुझे लगता है कि आर्चर को विश्व कप की टीम में जरूर होना चाहिए। उसकी अच्छी बात ये है कि वह बल्लेबाजी भी करता है'।
